Bihar : बिहार में स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें महिला समेत दो की मौत हो गई। इस घटना में कई लोग घायल भी हो गये। उन घायलों में दो की हालत काफी गंभीर है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया है।
नवादा में स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा में हुई सीधी टक्कर में महिला समेत दो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिया है। घटना कौआकोल -महुडर मुख्य पथ स्थित छतवईया आहर के पास की है।
विज्ञापन
सामने से आ रहे स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि कौआकोल थाना क्षेत्र के मछन्दरा गांव निवासी रोहित साव अपने ई- रिक्शा पर कौआकोल बाजार से यात्रियों को बैठाकर महुडर की ओर जा रहे थे। तभी रानी बाजार गांव से आगे छतवईया आहर के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे एक स्कॉर्पियो वाहन चालक ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए एवं उसमें सवार महुडर गांव निवासी नरेश साव की पत्नी मीणा देवी (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक की मौत इलाज के क्रम में हो गई। वह मछन्दरा गांव निवासी रोहित साव था। इस घटना में महुडर गांव निवासी नरेश साव एवं उनकी पुत्री पूजा कुमारी, हरि यादव के पुत्र विकास कुमार, मधुरापुर गांव निवासी नंदकिशोर उर्फ नन्दू यादव की पुत्री माया कुमारी एवं सुरेश यादव की पुत्री सुनीता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो की हालत गंभीर
घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आननफानन में स्थानीय लोगों ने घायलों को कौआकोल पीएचसी में भर्ती कराया। कई लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया। घायलों में विकास कुमार और सुनीता कुमारी की हालत गंभीर और चिंताजनक बताई जा रही है।
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है। पुलिस दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।