गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर नोनिया टोली मोहल्ले में मंगलवार की देर रात एक ठेकेदार के घर पर फायरिंग की घटना घटित हुई। मंगलवार की देर रात अपराधियों ने ठेकेदार के घर पर गोलियों से हमला किया। बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ठेकेदार पप्पू कुमार के घर पर गोलियां चलाईं। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।फायरिंग के दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।
जमीन विवाद का मामला सामने आया है
वहीं इस मामले में सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया है कि फायरिंग के पीछे जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और बाइक सवार तीन अपराधियों की पहचान करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बहुत जल्द घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी तलाश में छापेमारी चल रही है। इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, स्थानीय निवासी अब भी इस घटना के बाद दहशत में हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। गोपालगंज की कानून व्यवस्था पर इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए है।