गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
जनता दल यूनाइटेड के बड़बोले और विवादित बयानबाजी करने वाले भागलपुर के गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की जमकर तारीफ़ की। गोपाल मंडल ने लालू यादव के परिवारवाद वाले बयान पर राजद सुप्रीमो का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि, परिवारवाद को लेकर लालू यादव क्या बोलेंगे। लालू यादव खुद काफी सीधे हैं। छात्र जीवन में ही उनकी शादी हो गई थी। लालू यादव को विशेष जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने कई बच्चों को पैदा कर लिया।
इससे लोगों को परेशानी क्यों होती है, पता नहीं
दरअसल गोपालपुर विधायक गुरूवार को भागलपुर के डीएम कार्यालय आये थे, जहां उन्होंने पत्रकारों से यह बातें कही। उन्होंने कहा कि परिवारवाद को लेकर लालू यादव क्या बोलेंगे। लालू यादव खुद काफी सीधे हैं। छात्र जीवन में ही उनकी शादी कर दी गई। लालू यादव को विशेष जानकारी नहीं होने के चलते उन्होंने कई बच्चों को पैदा कर लिया और अपनी फौज तैयार कर ली। गोपाल मंडल ने कहा कि इसमें दिक्कत क्या है। उन्होंने कहा कि मैंने भी चार बच्चे पैदा किये हैं, जिसमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। उन्होंने कहा कि ‘हो जाता है। इससे लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी क्यों होती है, पता नहीं।
इस सवाल पर काटी कन्नी
लोकसभा चुनाव 2024 में तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर गोपाल मंडल ने कहा कि ऐसा सवाल मुझसे मत कीजिये। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है। गोपाल मंडल ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
भागलपुर से मेरे अलावे कोई और नहीं लड़ सकता
गोपाल मंडल ने एक बार फिर अपनी दावेदारी करते हुए कहा कि भागलपुर से मैं ही लडूंगा और एनडीए 40 की 40 सीट से जीतेगी। गोपाल मंडल ने कहा कि भागलपुर से कोई और नहीं लड़ सकता। भागलपुर में जदयू चुनाव लड़ेगी, जिसका प्रतिनिधित्व मैं करूंगा।
लालू यादव को बताया ‘आका’
गोपाल मंडल ने लालू यादव की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने राजद सुप्रीमो का पक्ष लेते हुए कहा कि लालू यादव हम लोगों के ‘आका’ हैं, वह बैकवर्ड जाति के मसीहा है। गोपाल मंडल ने कहा कि लालू यादव से मेरी बात होते रहती है वह उन्होंने यह भी कहा कि सिंबल मेरे पैकेट में रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुझे मालूम है ‘मैं कहां से और कैसे चुनाव लड़ूंगा’।