जनशताब्दी एक्सप्रेस में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
जमुई जिले में एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। गुरुवार सुबह जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग से आग लग गई। आग लगने से जान-माल की कोई हानि की कोई खबर नहीं है।
बता दें कि क्यूल जसीडीह रेल खंड के कुंदर हॉट के समीप गुरुवार को ट्रेन नंबर-12024 जनशताब्दी एक्सप्रेस के चक्के में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, रेल कर्मियों की सूझबूझ के कारण आनन-फानन में तकनीकी टीम को बुलाया गया और ट्रेन को रवाना किया गया। इस बिच कुंदर हॉल्ट के पोल संख्या-399/24 के पास 23 तक ट्रेन खड़ी रही। वहीं, ट्रेन में आग लगने के कारण किसी भी प्रकार के कोई हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जाता है कि पटना से हावड़ा की ओर जा रही ट्रेन नंबर-12024 जनशताब्दी एक्सप्रेस के चक्के में आग लग गई थी। इस दौरान तकनीकी टीम के अधिकारियों ने बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग के कारण ये आग लगी थी, जिसके कारण लगभग 23 मिनट तक ट्रेन को क्यूल जसीडीह रेल खंड के कुंदर हॉट के समीप खड़ी करना पड़ा। उन्होंने बताया कि स्लीपर बोगी नंबर 226404/23 D16 के चक्के में आग लगी है।
जनशताब्दी एक्सप्रेस के गार्ड ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं उठा था। इस घटना में कोई हानि नहीं हुई है। वहीं, इस संबंध में जानकारी देते हुए जमुई स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार ने बताया, ब्रेक बाइंडिंग एक तकनीकी समस्या है, जिसमें ब्रेक जाम हो जाता है। इससे घर्षण, आग और धुआं उत्पन्न होता है। उन्होंने बताया कि इस घटना से कोई क्षति नहीं हुई है। ट्रेन को अपने गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।