भोजपुर में सड़क हादसे में भीम आर्मी के पूर्व जिला प्रभारी और उसकी मां की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पेट्रोल पंप के समीप की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से आ रही मैजिक वाहन ने बाइक सवार मां बेटे को रौंद दिया। इस घटना में मां और बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट इतना जबरदस्त था कि मैजिक वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हालांकि मैजिक वाहन पर सवार आधा दर्जन से अधिक लोग बाल-बाल बच गए और चालक मैजिक वाहन छोड़कर भाग निकला। मृतकों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक मुखलाल राम की पत्नी राजकुमारी देवी (55) और उनका पुत्र अजीत कुमार(31) के रूप में की गई है। मृतक अजीत कुमार भीम आर्मी के पूर्व जिला प्रभारी भी थे।
माता-पिता के साथ दवा खरीदने गये थे बाजार
घटना के संबंध में मृतक अजीत कुमार के भतीजे पवन कुमार ने बताया कि अजीत कुमार अपने पिता मुखलाल राम और मां राजकुमारी देवी के साथ बाइक से शाहपुर बाजार दवाई खरीदने गए थे। शाहपुर बाजार पहुंचने पर उन्होंने अपने पिता को बाइक से उतार दिया और अपनी मां राजकुमारी देवी के साथ शाहपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बीके में पेट्रोल डलवाने चले गए। अजीत जब बाइक में पेट्रोल भरवाकर वापस शाहपुर बाजार लौट रहे थे, तभी शाहपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार मैजिन वाहन ने रौंद दिया। इस घटना में दोनों मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पिछले साल हुई थी शादी
मृतक अजीत कुमार की शादी पिछले वर्ष 23 अप्रैल को हुई थी। मृतक अजीत अपने परिवार में दो भाई और एक बहन में बड़ा था। वहीं इस घटना के बाद से अजीत की पत्नी चांदनी देवी के साथ पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा रोड ऐक्सिडेंट की सूचना मृतक के परिजनों को मिली। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।