बिहार के जमालपुर के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के न्यू कालोनी में सोमवार की रात सेवानिवृत्त बैंककर्मी के घर से बदमाशों ने जेवरात व नकदी सहित लगभग छह लाख की चोरी कर ली। यही नहीं चोरों ने बैंककर्मी के किरायेदार के फ्लैट पर हाथ साफ कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
अवकाश प्राप्त बैंक कर्मी उपेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को पत्नी का इलाज कराने पटना गए थे और मकान का किरायेदार भी सोमवार को बिहार शरीफ चले गए थे। इस वजह से घर बंद था। इसकी भनक बदमाशों को लग गई। बदमाश पांच दरवाजों का ताला तोड़कर घर में घुसे। वे तीन अलमारियों को तोड़कर पत्नी के सोने के चेन, झुमका, अंगूठी, टीका, कान की बाली सहित घर में रखे 20 हजार नकद और कीमती कपड़े ले उड़े।
बैंककर्मी ने बताया कि नकद मिलाकर लगभग छह लाख की चोरी हुई है। वहीं, किरायेदार के फ्लैट से क्या-क्या सामान गायब हुआ है, इस बारे में जानकारी सामने आने के बाद ही मालूम चलेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिनका पुलिस जल्द पर्दाफाश करेगी।
गोपालगंज: लूट की योजना बना रहे चार लोग गिरफ्तार
वहीं, गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के थावे मंदिर ड्रॉप गेट के पास से पुलिस ने अपराध की योजना बनाते चार अंतरराज्यीय गिरोह के अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें जरूरी कार्रवाई और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर थावे थानाध्यक्ष ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को एक देशी कट्ठा और 9 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। अपराधियों के पास से एक चोरी की हुई कार भी बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधी थावे बाजार में स्थित नीलिमा ज्वेलर्स में लूट की योजना बना रहे थे। जिसकी भनक पुलिस को पहले ही लग गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और इन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में यूपी के अमजद कुछ दिन पहले ही राजस्थान के चुरू में एक करोड़ 30 लाख रुपए का सोना लूटने मामले में भी जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में यूपी के मुजफ्फरनगर जिला निवासी अमजद और अनस के साथ ही दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी रोहित और छपरा के एकमा निवासी जय प्रकाश शामिल हैं। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
गोपालगंज: विवाहिता की मौत, मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप
जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के बंकीखाल में एक विवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज में दो लाख रुपए न देने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका सरोज कुमारी बंकीखाल निवासी व डीलर रामाश्रय राम की पुत्री तथा रवि कुमार की पत्नी थीं। मामले में मृतका के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दी है।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के बंकीखाल गांव के रामाश्रय राम की पुत्री गांव के ही लालबाबू राम के पुत्र रवि कुमार से प्रेम करती थी। प्रेम प्रसंग के दौरान ही वर्ष 2012 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी बनकर एक साथ रहने लगे। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान रवि कमाने के लिए विदेश चला गया। इसके बाद रवि के परिजन उसकी पत्नी सरोज कुमारी पर मायके से दहेज के रूप में दो लाख रुपए की मांग करते हुए दबाव बनाने लगे। लेकिन उन्होंने दो लाख रुपए देने में असमर्थता जताई।
इसी बीच, सोमवार की देर रात सरोज कुमारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, सरोज की मौत से उसकी दोनों बेटियां रुचि तथा गोल्डी का रो- रोकर बुरा हाल है। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि दहेज में दो लाख रुपए न देने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी और गले में फंदा डालकर उसकी हत्या की गई है।
सोमवार को जानकारी मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। मायके वालों ने लालबाबू राम, शैलेंद्र राम, आरती देवी, बनारसी राम को आरोपी बनाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि हत्या या आत्महत्या दोनों कोण से पुलिस जांच कर रही है।
मुंगेर: दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, छह घायल
मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के बदरखा गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर दो बच्चो के बीच विवाद हुआ। जहां क्रिक्रेट ग्राउंड में जमकर मारपीट हुई। वहीं जब इसकी जानकारी दोनों बच्चों के परिजनों को मिली तो परिजन बच्चे को न समझाकर खुद आपस में बहस शुरू करने लगे। इसके बाद दोनों के परिजन आपस में भिड़ गए।
इस मारपीट की घटना में एक पक्ष के तीन लोग सलमा देवी, शबनब कुमारी और स्वेता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से बबिता देवी और मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजन तथा ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को प्रथामिकी स्वास्थ केंद्र असरगंज में भर्ती कराया गया। जहां सभी घायल का इलाज जारी है।
घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी स्थानीय असरगंज थाना पुलिस को दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई। सभी घायलों को ग्रामीणों एवं परिजनों के द्वारा स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा, घायल परिजन से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटेगी। वहीं, मारपीट में घायल परिजनों ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान सूरज और मनीष के बीच विवाद हुआ, जहां घटना पूरी तरह मारपीट में तब्दील हो गई। जहां इसकी जानकारी मिलने पर परिजन आपस में भिड़ गए।
सारण: मां और बेटे को चाकू मारा
सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के मानपुरा में मां ने कसम नहीं खाई तो चाचा ने भतीजे एवं भावो को चाकू मारा। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टर ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया। जबकि, महिला का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक मानपुर निवासी सरफराज आलम का पुत्र मोहम्मद फैसल उर्फ समीर बताया गया है। जबकि मोहम्मद सरफराज की पत्नी तमन्ना परवीन का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मानपुरा निवासी मोहम्मद सरफराज के भाई से पूर्व से जमीनी विवाद भी चल रहा था। जमीनी विवाद को लेकर कई बार झगड़ा हो चुका है। मोहम्मद सरफराज अहमद के भाई एवं भतीजे के साथ कहासुनी हुई थी। जिसको लेकर सरफराज के भाई ने अपने भावो को कसम खाने को कहा, लेकिन मना करने पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों को घर में घायल अवस्था में तड़पते देख मौके पर आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने मोहम्मद फैसल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तमन्ना परवीन का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।