छपरा में सरयू नदी की धारा में ओवरलोड नाव पलट गई। इस घटना में तीन शव बरामद किए गये हैं, तीन जीवित निकाले गये हैं जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। घटना मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर स्थित मटिहान गांव के समीप सरयू नदी की है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गये और डूबे हुए लोगों को खोजने में लग गये। ग्रामीणों के द्वारा खोजबीन किए जाने पर अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 लोग अभी भी लापता हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाव पर सवार सभी लोग किसान थे जो दियारा में परवल की खेती करते हैं। शाम होने पर काम करने के बाद सभी लोग नाव पर सवार होकर वापस इस पार अपने घर के लिए लौट रहे थे। तभी अचानक नाव डूबने लगी। इस दौरान नाव में सवार लोग शोरगुल करना शुरू कर दिए। जो लोग तैरना जानते थे वेलोग नाव पर से कूद कूद कर जान बचाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान अफरातफरी में नाव पलट गई। मृतकों की पहचान तारा देवी और फूल कुमारी देवी के रूप में की गई है।