प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती की दायीं ओर खड़े प्रत्याशी सुशील कुशवाहा।
- फोटो : amar ujala digital
चुनावी रणनीतिकार से राजनीतिक दल जन सुराज के सूत्रधार बने प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी के लिए कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। जन सुराज प्रत्याशी के रूप में रामगढ़ से सुशील सिंह कुशवाहा को मैदान में उतार दिया है। आज इसकी घोषणा जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती ने मोहनिया के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की है।
पांच प्रत्याशियों की दावेदारी में सुशील निकले आगे
जन सुराज पार्टी से रामगढ़ विधानसभा सीट पर पांच उम्मीदवार अपनी दावेदारी जता कर रहे थे। इसमें आनंद सिंह, मो. शमीम, विनायक जायसवाल, राम नारायण राम व सुशील कुमार कुशवाहा का नाम था। प्रशांत किशोर ने सुशील सिंह कुशवाहा पर भरोसा जताया है। प्रत्याशी के नाम का एलान करते हुए मनोज भारती ने कहा कि जात पात की राजनीति करने वालों से जन सुराज कोसों दूर रहता है। हमें जनता की आवाज पर काम करना है। इसलिए सुशील सिंह कुशवाहा पर भरोसा कर उन्हें रामगढ़ विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी के रूप में खड़ा किया ।