एक दिन पहले गायब हुई बीए की छात्रा की लाश अगले दिन पानी में उपलाती दिखी।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बिहार के मुजफ्फरपुर से बीए की एक छात्रा एक दिन पहले गायब हुई। फिर अगले दिन सोशल मीडिया पर 'अज्ञात शव' बताकर उसकी तस्वीर वायरल हुई तो पता चला कि डूबने से मौत हुई या डुबोकर मार दी गई। पार्ट 1 की छात्रा जूली कुमारी के पिता ने उसके प्रेमी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अब आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में जांच और पूछताछ कर रही है।
अपहरण की आशंका के साथ आरोपी का नाम बताया था
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज प्रखंड की रहने वाली जूली एक दिन पूर्व घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली तो परिजनों ने प्रेमी पर किडनैपिंग का आरोप लगाते हुए साहिबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन भले जो कर रही हो, अगले दिन वैशाली नहर में जूली का उपलाता शव देखा गया। कई घंटे तक अज्ञात के रूप में जब उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा जूली के शव को नहर से निकालकर एसकेएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता ने बताया- प्रेम प्रसंग में प्रेमी ने की हत्या, हिरासत में युवक
बीते 9 दिन पहले परदेस से घर लौटे पिता ने बताया- "बेटी का गांव के एक युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद गुस्साए प्रेमी ने मंगलवार की शाम उसे घर से उठा लिया और उसकी हत्या कर शव को थाना क्षेत्र के भलुई रसूल गांव स्थित तिरहुत वैशाली नहर में फेंक दिया। आशंका है कि शादी की नीयत से अपहरण किया और बात नहीं मानने पर नदी में फेंक दिया।" घटना के एक दिन पहले पिता ने आवेदन देकर गांव के ही सोनू राम और उसकी मां सहित अन्य पर शादी की नीयत से पुत्री जूली के अपहरण का आरोप लगाया था। पुलिस ने अब सोनू राम को हिरासत में ले लिया है। छात्रा और आरोपी का घर 10 मीटर की दूरी पर है।
पुलिस ने कहा- आरोपी गिरफ्तार, सभी बिंदु पर जांच हो रही
एसडीपीओ (सरैया) कुमार चंदन ने कहा कि छात्रा की मौत डूबने से हुई है या किसी के द्वारा हत्या की गई है, इसकी पुष्टि रिपोर्ट और पूछताछ से की जा रही है। पिता के आवेदन पत्र पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सभी बिंदु पर जांच किया जा रहा है। मृतका के शव पर जख्म के निशान नहीं मिले हैं। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से पानी का नमूना संग्रहित किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की छानबीन की जाएगी।