मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर गांव में बुधवार देर रात रंगदारी की मांग को लेकर हुई गोलीबारी का शिकार हुए दो लोगों में से एक आठ साल के बालक अरुण यादव के सबसे छोटे बेटे अनुभव की इलाज के लिए बाहर ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। इस संबंध में मृतक अनुभव के पिता अरुण ने कहा, शंकरपुर का रहने वाला भीषण यादव अपराधी प्रवृत्ति का है, संगठित अपराधियों के एक समूह का संचालन करता है।
अरुण ने बताया, भीषण यादव ने हमसे रंगदारी मांगी थी। हम खेती किसानी करते हैं। रंगदारी के लिए रुपये कहां से लाएं। हमने रंगदारी नहीं दिया तो भीषण यादव, शिवम यादव और सनी यादव सहित सात आठ अपराधी देर रात मेरे घर पर आकर गोलीबारी कर मेरे बच्चे को मौत के घाट उतार दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने मेरे घर पर चढ़कर लगभग 50 राउंड गोली चलाया था। गोलीबारी में मेरे बेटे अनुभव कुमार को पेट में गोली लगी। मेरे भतीजे चंदन को बाया कनपटी में गोली लगी। हम लोग इलाज के लिए दोनों घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति देखते हुए दोनों को पटना रेफर कर दिया। इलाज के लिए पटना ले जाते समय रास्ते में ही अनुभव की मौत हो गई।
आरोपियों का फोटो वायरल...
उन्होंने कहा कि गोलीबारी करने वाले अपराधी इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए हमेशा गोलीबारी करते रहते हैं। वे लोग अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर इलाके में दहशत कायम करने के लिए तरह-तरह के हथियार लेकर फोटो वीडियो भी वायरल करते रहते हैं। गोलीबारी का शिकार अनुभव पढ़ने में काफी होनहार था। वह शंकरपुर मध्य विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था।
मृतक अनुभव के पिता अरुण यादव ने बताया, हमारी चार संताने हैं, जिसमें अनुभव सबसे छोटा था। हमारे चार संतानों में बड़ी बेटी अन्नू, पल्लवी, आशीष और सबसे छोटा आठ साल का अनुभव था। यह कहते कहते उसके पिता दहाड़े मार-मार कर रोने लगे।
क्या बोले पुलिस उपाधीक्षक...
इस संबंध में मुंगेर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया, शंकरपुर गांव में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी की घटना घटित हुई है। इस घटना में दो लोगों की गोली लगी थी, जिसमें एक आठ साल के अनुभव की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। गांव में तनाव व्याप्त न हो, इसलिए गांव में पुलिस कैंप कर रही है। घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया गया है।