बिहार में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक नेता को धमकी मिली है। यह मामला सामने आया है भागलपुर से। बताया गया है कि कुणाल पांडे नाम के इस छात्र नेता ने धमकी के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पांडे के मुताबिक, उसे यह धमकी कथित तौर पर इस्लामी कट्टरवादी ने दी है।
भागलपुर शहर के एसपी स्वर्ण कांत ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता भागलपुर-बांका क्षेत्र में एबीवीपी का सह-संयोजक है। कुणाल पांडे ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उसके जगदीशपुर स्थित घर में डाक के जरिए चिट्ठी भेजी गई थी। इस दो पन्ने के पत्र में छात्र नेता को ज्ञानवापी और उदयपुर में मारे गए टेलर कन्हैया लाल के समर्थन पर चेतावनी दी गई है। इस पत्र में लिखा है कि जिस तरीके से उदयपुर में कन्हैया लाल की मौत हुई थी, उसी तरीके से तुम्हें भी अल्लाह के पास पहुंचा दिया जाएगा।
पांडे ने बताया कि पत्र में गजवा-ए-हिंद नाम के इस्लामिक संगठन का जिक्र है। भेजने वाले ने इसमें अपना पता भी बताया है। धमकी भरे पत्र में लिखा है- "आपने कन्हैयालाल की हत्या के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इसी वजह से उसका भी सर तन से अलग कर दिया जाएगा।"
गौरतलब है कि ज्ञानवापी परिसर में मस्जिद के साथ ही मंदिर होने की जांच चल रही है। इस मसले को भाजपा ने जोर-शोर से उठाया है। दूसरी तरफ जून के आखिरी हफ्ते में राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। सामने आया था कि कन्हैयालाल ने नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसी से गुस्साए दो लोगों दुकान में घुसकर उसकी हत्या कर दी थी।