प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लड़की किसी लड़के के साथ पहाड़ पर आई थी। लड़की और लड़के शिव मंदिर के पीछे बैरिकेडिंग के बाहर जाकर बैठे हुए थे। तभी अचानक दोनों में किसी बात को लेकर बहस होने लगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के बिहारशरीफ में 302 फीट ऊंचे हिरण्य पर्वत से 15 साल की लड़की ने सुसाइड की कोशिश की। 57 फीट नीचे आते ही वह पेड़-पौधों में अटक गई। इसके बाद वह चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर इधर आए। लड़की को देख लोग दंग रह गए। इसके बाद उसे निकालने की कोशिश करने लगे। पांच लोगों ने करीब 50 मिनट तक कड़ी मशक्कत कर पेड़-पौधों में फंसी लड़की को बाहर निकाला। इसके बाद उससे अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से उसे बेहतर इलाज के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
विज्ञापन
लड़की किसी लड़के के साथ पहाड़ पर आई थी
यह मामला सोहसराय थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लड़की किसी लड़के के साथ पहाड़ पर आई थी। लड़की और लड़के शिव मंदिर के पीछे बैरिकेडिंग के बाहर जाकर बैठे हुए थे। तभी अचानक दोनों में किसी बात को लेकर बहस होने लगी। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते लड़की ने हिरण्य पर्वत से छलांग लगा दी।
लड़की का इलाज पावापुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा
इधर, हादसे के बाद लड़का फरार है। सोहसराय थानेदार राजमणि ने बताया कि अभी तक उन्हें लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। लड़की का इलाज पावापुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोग सुबह और शाम यहां टहलने आते हैं लेकिन, इसकी सुरक्षा भगवान भरोसे है। आधे पहाड़ का हिस्सा लहेरी थाना जबकि आधे पहाड़ का हिस्सा सोहसराय थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसके कारण दोनों थाना की पुलिस ऊपर पहाड़ पर गश्त करने के लिए नहीं पहुंचती है।