दोस्तों के साथ कसौली पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्नेह राणा।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में महिलाओं के लिए क्रिकेट एसोसिएशन खोलना सपना है। इसके लिए प्रयास कर रही हूं। यह बात भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 22 वर्षीय स्टार खिलाड़ी स्नेह राणा ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कही। वह अपनी दोस्तों के साथ पर्यटन नगरी कसौली स्थित बैप्टिस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा में भाग लेने पहुंची थीं।
देहरादून के सिनौला गांव की स्नेह राणा आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। एक साधारण परिवार में पली-बढ़ी स्नेह के कॅरिअर में माता-पिता ने पूरा सहयोग दिया। स्नेह की माता गृहिणी हैं, जबकि पिता ठेकेदार हैं। स्नेह हाल ही ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटी हैं।इससे पहले श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम में शामिल रही हैं।
बचपन से था क्रिकेटर बनने का सपना- स्नेह राणा ने बताया कि क्रिकेटर बनना उनका बचपन का सपना था। इसके लिए लिटल मास्टर क्रिकेट क्लब देहरादून को ज्वाइन किया। वहां कोच नरेंद्र शाह और किरण शाह से खेल की बारीकियों सीखीं।
उसके बाद पंजाब में बीसीसीआई की एसोसिएशन को ज्वाइन किया। यहां कोच प्रकाश चंद और मधु अरोड़ा से क्रिकेट में दक्षता हासिल की। पंजाब की रणजी टीम में सेलेक्ट हुईं। वह पिछले दो साल से बतौर आलराउंडर भारतीय टीम में शामिल हैं।
सचिन तेंदुलकर को आदर्श मानती हैं स्नेह- क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को आदर्श मानने वाली स्नेह के अनुसार भारतीय टीम में शामिल होना छोटे से क्षेत्र से आने वालों के लिए आसान नहीं है।
कड़ी मेहनत और बुलंद हौसले के आगे हर चुनाती छोटी पड़ जाती है। इस समय भारतीय महिला टीम में साउथ की ज्यादातर खिलाड़ी हैं। उत्तराखंड की महिला खिलाड़ियों के लिए देहरादून में एसोसिएशन खोलने का प्रयास कर रही हूं।