यह तो आप जानते ही होंगे कि कार चलाने के दौरान स्टीयरिंग व्हील, ब्रेक, क्लच, एक्सलेरेटर और गियर बॉक्स पर कंट्रोल रखना होता है। ऐसे में अगर हाई हील्स पहनकर कार ड्राइव की जाए तो यह काफी जानलेवा साबित हो सकता है। यही वजह है कि हाई हील्स पहनकर कभी भी कार ड्राइव नहीं करनी चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्पष्ट तौर पर हील्स पहनकर कार चलाने पर कोई नियम नहीं है। हालांकि, अपनी और सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक पुलिस हील्स पहनकर कार चलाने से बचने की सलाह देती है।
ट्रैफिक पुलिस की मानें तो हील्स पहनकर कार चलाने पर कार के ब्रेक पैडल सही ढंग से काम नहीं करते हैं। हील्स ब्रेक पैडल में फंस सकती है, इस वजह से कोई भी हादसा हो सकता है। इसके साथ ही क्लच भी सही तरीके से काम नहीं करता है। इसके अलावा किसी आपात स्थिति में अगर कार के ब्रेक लगाने हो तो हील्स परेशानी पैदा कर सकती है।
यही वजह है कि हील्स को छोड़कर जूते या फिर कोई एकसमान वाली जूती पहनकर ही कार चलानी चाहिए। दरअसल जूतों के एकसमान होने से कार के ब्रेक और क्लच को सही तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो देश में जल्द ही हील्स को लेकर मोटर नियम को सख्त किया जाएगा। वहीं, हील्स पहनकर कार चलाने पर कई देशों में भारी जुर्माना वसूला जाता है।