अक्सर देखने को मिलता है कि लोग बारिश के मौसम में पानी से भरी हुई सड़क से काफी तेज रफ्तार के साथ कार निकालते हैं या फिर कार को तेजी से निकालने की कोशिश करते हैं। मगर यह छोटी सी गलती बहुत भारी पड़ सकती है। ऐसा करने के पीछे लोगों का मानना होता है कि अगर कार को तेज गति से पानी से नहीं निकालेंगे तो गाड़ी पानी में फंस जाएगी। मगर अधिकतर वाहन चालक यही पर बड़ी गलती कर देते हैं। ऐसे में फिर कार पर मोटा खर्च करना पड़ता है।
अगर आपके कार है तो बारिश के दौरान अगर सड़क पर पानी भरा हुआ है तो कोशिश करें कि उस जगह की बजाय किसी और रास्ते से कार निकाल लें। अगर कोई विकल्प नहीं है तो कार को कभी भी तेज रफ्तार से न निकालें। पानी से भरी हुई सड़क पर कार को एक्सलेरेट करने से गाड़ी को भारी नुकसान हो सकता है। साथ ही गाड़ी का संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसे में कार को हमेशा धीमी गति से आगे बढ़ाएं।
बारिश के दौरान अक्सर अंडरपास में पानी का स्तर काफी ज्यादा हो जाता है। ऐसे में कार को पानी में लेकर जाने से पहले चेक कर लें कि पानी का स्तर कितना है, अगर पानी कार के इंजन में चला गया तो फिर मोटा खर्चा उठाना पड़ सकता है। अगर लापरवाही की तो गाड़ी पानी में डूब भी सकती है। अगर सड़क पर पानी का स्तर ज्यादा है और कार को तेज रफ्तार से निकालने की कोशिश की तो ऐसा करने से कार के ब्रेक को भी नुकसान हो सकता है।