ये तो आप जानते ही होंगे कि डिजिटल युग में हैकर्स से कुछ भी बच पाना काफी मुश्किल है। कार में कई खास फीचर्स के साथ कार कनेक्टिड तकनीक भी मिलने लगी है। इसमें क्रूज कंट्रोल, लेन असिस्ट और ऑटोमेटिक ब्रेकिंग सिस्टम जैसे फीचर्स को हैक किया जा सकता है। हालांकि, अगर आप थोड़े भी जागरुक हैं तो आपकी कार हैकिंग से सुरक्षित रह सकती है।
कार में सफर के दौरान अधिकतर लोग इंफोटेनमेंट सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बेहद ही कम लोग इंफोटेनमेंट सिस्टम को अपडेट करते हैं। जी हां, फोन, टैबलेट और लैपटॉप की तरह ही इंफोटेनमेंट सिस्टम को समय-समय पर अपडेट करना जरूरी है। इंफोटेनमेंट सिस्टम को अपडेट करने से इसे हैक करने की संभावना कम हो जाती है।
कार कंपनियां कार में कई वायरलेस फीचर्स देती हैं। ऐसे में अगर आप वायरलेस या रिमोट सिस्टम का ज्यादा इस्तेमाल करेंगे तो आपकी कार हैक हो सकती है। दरअसल ज्यादातर वायरलेस सिस्टम ऑनलाइन काम करते हैं। ऐसे में इन्हें हैक करना आसान रहता है, इसलिए कम से कम वायरलेस सिस्टम का इस्तेमाल करें।
अगर आपको अपनी कार को हैकिंग से बचाना है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। अधिकतर लोग कार जीपीएस का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में काफी लोग जीपीएस में घर का पत्ता डाल देते हैं, ये आपको आम लग सकता है, मगर हैकर्स कार के जीपीएस को हैक करके आपके घर का पत्ता लगा सकते हैं। ऐसे में कभी भी कार जीपीएस में घर का पत्ता सेव नहीं करना चाहिए।