Tata Motors (टाटा मोटर्स) ने बुधवार को एक मीडिया बयान जारी किया जिसमें उसने साफ किया कि Nexon (नेक्सन) डीजल वेरिएंट को पूरी तरह से नहीं हटाया जा रहा है, जैसा कि माना जा रहा है। इस रिपोर्ट के मुताबिक नेक्सन के कुछ डीजल वेरिएंट्स को बंद कर दिया गया है। कंपनी ने कहा कि सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में डीजल इंजन की मजबूत मांग है। टाटा मोटर्स ने यह भी स्पष्ट किया कि वह बाजार की प्रतिक्रिया का आकलन करना जारी रखे हुए है। इस खबर के लिखे जाने तक, टाटा मोटर्स के ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म में कार के डीजल वेरिएंट्स में XE, XMA, XZ और XZA+ (S) ट्रिम्स नहीं दिखाई दे रहा है।
बता दें कि ऐसी रिपोर्ट्स आईं थी कि टाटा मोटर्स ने नेक्सन डीजल वेरिएंट को बंद कर दिया है। जिसके बाद कार निर्माता ने साफ किया कि 'चुनिंदा वेरिएंट्स बंद कर दिए गए हैं' और कुछ अन्य वेरिएंट के लिए अपडेट पेश किए गए हैं। हालांकि, इसने चुनिंदा वेरिएंट्स पर टिप्पणी नहीं की।
Tata Nexon
- फोटो : Tata Motors
टाटा मोटर्स के बयान में कहा गया है कि, "नेक्सन भारत में सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी में से एक है और इसका डीजल वेरिएंट बढ़ती मांग के साथ बहुत लोकप्रिय है।" कंपनी ने कहा, "नेक्सन अब 20 वेरिएंट्स में उपलब्ध है। नेक्सन की रेंज में पेट्रोल में 12 वेरिएंट्स और डीजल में 8 वेरिएंट्स उपलब्ध हैं, जो ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ शामिल हैं। टाटा मोटर्स समय-समय पर बाजार की प्रतिक्रिया के अनुसार ट्रिम्स और वेरिएंट के अपने पोर्टफोलियो को रिफाइन और रिफ्रेश करता है।"
Tata Nexon Facelift
- फोटो : For Representation Only
Nexon भारतीय कार बाजार में सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा वाले सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में अपनी पकड़ बनाए हुए है। इस सेगमेंट में Kia Sonet, Nissan Magnite और Renault Kiger जैसे नए प्रतिद्वंद्वियों ने चुनौती बढ़ाई है। इस सेगमेंट में जहां Nexon, Sonet, Mahindra XUV300 और Hyundai Venue जैसी कुछ कारें पेट्रोल के साथ-साथ डीजल इंजन के साथ भी आती हैं। वहीं Magnite और Kiger जैसे कारें सिर्फ पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध हैं। मारुति सुजुकी विटारा-ब्रेजा में शुरुआत में सिर्फ डीजल इंजन मिलता था। लेकिन 2020 के अपडेट में मारुति ने अपने लाइनअप को सिर्फ पेट्रोल इंजन वाली कारों में बदला दिया। यानी मारुति सुजुकी ने डीजल इंजन का इस्तेमाल बंद कर दिया था।