जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Honda Motor Company Limited (होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड) भारतीय बाजार में अपनी नई कार को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने हाल ही में भारत में Elevate (एलिवेट) नाम के ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह भारतीय बाजार में होंडा की आनेवाली 7-सीटर एसयूवी होगी। कंपनी ने इसे पहली बार इंडोनेशिया में Honda N7X कॉन्सेप्ट के तौर पर पेश किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक होंडा इस एसयूवी को इंडोनेशियाई बाजार में BR-V (बीआर-वी) की अगली पीढ़ी के के तौर पर लॉन्च करेगी। हालांकि कंपनी ने अभी इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई एलान नहीं किया है। बता दें कि Honda भारत में BR-V एसयूवी को बंद कर चुकी है। लिहाजा कंपनी भारतीय बाजार में नई एसयूवी Elevate को ला सकती है जो BR-V को रिप्लेस करेगी।
इस आने वाली नई एसयूवी की पेटेंट इमेज इंटरनेट पर पहले ही लीक हो चुकी हैं, जिसे देखने से पता चलता है कि 7-सीटर एसयूवी बिल्कुल N7X कॉन्सेप्ट के जैसी ही है। ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी इसके प्रोडक्शन मॉडल को आगामी अगस्त महीने में पेश करेगी। इसके अलावा इसे साल के आखिर तक बाजार में बिक्री के लिए उतारा जा सकता है।
Honda N7X
- फोटो : For Reference Only
रिपोर्ट के मुताबिक होंडा की आगामी एसयूवी की पेटेंट तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हो गई हैं। इन तस्वीरों को देखने से पता चलता है कि नई 7-सीटर एसयूवी का लुक बिल्कुल N7X कॉन्सेप्ट के जैसा ही है। नई एसयूवी के प्रोडक्शन वर्जन के अगस्त 2021 में पेश किए जाने की उम्मीद है। इस एसयूवी को 2021 के आखिर तक बिक्री के लिए बाजार में उतारा जा सकता है। फिलहाल इसके भारतीय बाजार में आने की संभावना कम है। साल 2022 में इसे भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है।
इंटरनेट पर लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक Honda Elevate या Honda N7X के प्रोडक्शन वर्जन में होंडा का लेन वॉच सिस्टम मिलेगा। कंपनी यह सिस्टम अपनी नई City (सिटी) सेडान कार में भी देती है। होंडा का लेन वॉच सिस्टम ड्राइवर के ब्लाइंड स्पॉट को कम करने के लिए कार के बाईं ओर की निगरानी करता है। इससे ड्राइवर के लिए कार चलाना काफी आसान हो जाता है और वह भी सुरक्षित तरीके से।
होंडा की इस नई 7-सीटर एसयूवी में 1.5-लीटर नैचुरली-एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा। इस इंजन का इस्तेमाल होंडा सिटी सेडान में भी किया गया है। यह इंजन 121 bhp का पावर और 145 Nm का टार्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और सीवीटी ऑटोमेटिक गियरबॉक्स मिलता है। यह 7-सीटर एसयूवी उसी प्लेटफॉर्म पर आधारित है जो सिटी सेडान में दिया गया है। होंडा का दावा है कि इस नई एसयूवी की बॉडी स्टाइल सबसे शानदार होगी और यह हर तरह की सड़क स्थितियों पर चलाने के लिए उपयुक्त होगी।
Honda Elevate इंडोनेशिया में Toyota Avanza, Daihatsu Xenia, Mitsubishi XPander और सेग्मेंट की अन्य कारों को टक्कर देगी। हालांकि होंडा ने अभी तक भारत में N7X कॉन्सेप्ट आधारित एसयूवी के लॉन्च के बारे में आधिकारिक एलान नहीं किया है। भारतीय बाजार में लॉन्च होने पर, इसका मुकाबला Hyundai Alcazar, Tata Safari और MG Hector Plus जैसी कारों से होगा। फिलहाल होंडा भारतीय बाजार में 5 मॉडलों की बिक्री करती है, जिसमें होंडा सिटी के दो जेनरेशन, अमेज, जैज और डब्ल्यूआरवी शामिल हैं। वहीं कंपनी इस साल होंडा सिटी सेडान के हाइब्रिड वर्जन को लॉन्च करने वाली है।