दुनिया में शोधकर्ता लगातार अपने शोध से सबको चौंकाते रहते हैं। आम आदमी भी अपनी सुविधाओं के लिए हर मुमकिन कोशिश करता है। वहीं शोधकर्ता भी लोगों के जीवन को सुगम और सार्थक बनाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं।
दिव्यांगों के लिए अब तक व्हीलचेयर ही एक मात्र उनका सहारा था लेकिन हंगरी की केंगुरू नाम की एक कंपनी ने ऐसी कार पेश की है जिसमें दिव्यांग अपनी व्हीलचेयर के साथ आसानी से बैठ सकते हैं और खुद ड्राइव भी कर सकते हैं।
व्हीलचेयर पर बैठा हुआ व्यक्ति पहले से ही लाचार होता है और इनकी सबसे बड़ी लाचारी होती है कि वह एक जगह से दूसरी जगह पर आसानी से जा नहीं सकते हैं। हमारे आस पास कई ऐसे लोग हैं जो कि व्हीलचेयर पर हैं और जब पूरा परिवार कहीं किसी ट्रिप पर जाने की तैयारी कर रहा होता है वो व्हीलचेयर पर बैठा व्यक्ति घर के किसी कोने में एक निर्जीव सामान की तरह पड़ा रहता है।
सामान्य तौर पर व्हीलचेयर के साथ लोगों को कार में बैठने के लिए कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है लेकिन केंगारू की ये नई व्हीलचेयर इलेक्ट्रिक कार दिव्यांग लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस कार में पीछे की तरफ एक बड़ा दरवाजा दिया गया है जो कि पूरी तरह खुल जाता है और दरवाजा खुलने के बाद इसमें इतना स्पेस होता है कि व्हीलचेयर सहित व्यक्ति को सीधे कार में बैठाया जा सकता है।
कार में बैठाने के लिए दिव्यांग को अपने व्हीलचेयर से उठने की भी जरूरत नहीं पड़ती है। कार का दरवाजा रिमोट कंट्रोल से खोला जा सकता है। इस कार में केवल एक ही दरवाजा दिया गया है। जो कि पीछे की तरफ है।