कार की कीमतों में 50 हजार से 2.5 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी
ऑटो कंपनियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पांच लाख से 25 लाख रुपये के बीच में आने वाली कार की कीमतों में 50 हजार से 2.5 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं दोपहिया वाहनों की बात करें, तो इस दौरान बाइक या स्कूटरों की कीमतों में 5,000 से 10 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। स्टील की कीमतें दोगुनी हो चुकी हैं, वहीं एलुमीनियम और तांबे के दाम 20 से 25 फीसदी तक बढ़ चुके हैं। जबकि सबसे ज्यादा हालत सेमीकंडक्टर या चिप की कमी ने कर रखी है। चिप की कीमतें 25 से 75 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं। जबकि ईंधन की लागत बढ़ने से माल-भाड़े की दरें दो से तीन गुना तक बढ़ चुकी हैं। वहीं आयात भी महंगा हो गया है।
माल-भाड़े की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि
इसका सबसे ज्यादा असर दोपहिया वाहनों की बिक्री पर पड़ा है, जबकि कार खरीदारों पर इस बढ़ोतरी का कोई खास असर नहीं पड़ा है, क्योंकि कार कंपनियों को अभी भी अच्छी-खासी संख्या में बुकिंग्स मिल रही हैं। टॉप 10 बेस्ट सेलिंग मॉडल्स की बात करें, तो पिछले नौ महीनों में कम से कम पांच बार गाड़ियों के दाम बढ़ चुके हैं। यहां तक कि एक कार पर मिलने वाला मार्जिन भी 13 हजार से घट कर 8 हजार रुपये तक हो चुका है। वहीं वेटिंग पीरियड इस फेस्टिवल सीजन में ज्यादा रहने वाला है, ऐसे में ओरिजनल इक्विमेंट मैनुफैक्चरर्स (ओईएम) के पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा। सूत्रों का कहना है कि चीन, ताईवान और वियतनाम में कोविड के मामले बढ़ने की वजह से फैक्ट्रिया बंद हो गई हैं और सप्लाई बाधित हो गई है। जिसके चलते माल-भाड़े की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इसका नुकसान ये हो रहा है कि पहले दाम जहां साल में एक बार बढ़ते थे, अब पिछले 10 महीनों में चार बार बढ़ चुके हैं।
दोपहिया वाहनों की बात की जाए तो पिछले 12 महीनों में हीरो मोटोकॉर्प की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक स्प्लेंडर की कीमतें पांच फीसदी, रॉयल एनफील्ड क्लासिक की कीमतें 11 फीसदी और टीवीएस जुपिटर की कीमतें चार फीसदी तक और प्रीमियम मोटरसाइकिल अपाचे की कीमत 8.47 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं।