पाकिस्तान में आतंकवादियों के साथ संघर्ष में दो सैनिकों की मौत
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। पाक सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस आईएसपीआर के अनुसार, प्रांत के लक्की मारवात जिले में सेना और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में दो आतंकवादी भी मारे गए।
हूती विद्रोहियों ने किया नौकाओं पर ड्रोन हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार देर रात लाल सागर में नौकाओं को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, इन हमलों में फिलहाल किसी पोत के क्षतिग्रस्त होने की कोई सूचना नहीं है। इस हमले के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि ब्रिटेन-अमेरिका की सेनाओं ने दक्षिणी लाल सागर में हूतियों द्वारा दागे गए 21 ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि यह 19 नवंबर के बाद से लाल सागर में वाणिज्यिक शिपिंग लेन पर 26वां हूती हमला था।
डब्ल्यूएचओ में नियुक्ति के लिए डॉ. मूर्ति का नाम सीनेट में भेजा
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के कार्यकारी बोर्ड में अमेरिका के प्रतिनिधि के रूप में काम करने के लिए एक बार फिर भारतीय-अमेरिकी सर्जन जनरल डॉ. विवेक मूर्ति को नामित किया है। मूर्ति (46) का नाम सीनेट को फिर से भेजा गया है क्योंकि इस पद पर नियुक्ति के लिए उनके नाम की पुष्टि अक्तूबर 2022 से सीनेट में लंबित थी।
बुजुर्ग ब्रिटिश सिख महिला की हत्या के आरोप में भारतीय मूल के ड्राइवर को जेल
इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में तेज गति से वाहन चलाते समय बुजुर्ग ब्रिटिश सिख महिला (81) को कुचलने वाले 26 वर्षीय भारतीय मूल के ड्राइवर को छह साल की जेल की सजा सुनाई गई है। वॉल्वरहैम्प्टन क्राउन कोर्ट ने अर्जुन दोसांझ पर आठ साल के लिए गाड़ी चलाने पर प्रतिबंध भी लगाया है। नवंबर 2022 में कौर अपने स्थानीय गुरुद्वारे से घर वापस जा रही थीं जब यह घटना घटी। अदालत ने अपने फैसले में कहा, मेरी संवेदनाएं कौर के प्रियजनों के साथ हैं, जो उसकी मृत्यु से गहराई से प्रभावित हुए हैं। दोसांझ और उनके सह-अभियुक्त साथी जेसेक वियात्रोव्स्की (51) ने लापरवाही से गाड़ी चलाई जिसका खामियाजा एक परिवार को उठाना पड़ रहा है।
रूस के लिए लड़ने वाले एक और नेपाली नागरिक की यूक्रेन संघर्ष में मौत
रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में रूसी सेना में कार्यरत एक नेपाली सैनिक की मौत हो गई है। प्यूथन नगर पालिका के उप महापौर देवेन्द्र ब्रह्मा के अनुसार, प्यूथन नगर पालिका के सोनू सुनार दो सप्ताह पहले चल रहे युद्ध में लड़ते हुए मारे गए थे। बुधवार को मृतक सिपाही के परिजनों को सूचना दी गई। यह उन नेपाली नागरिकों की 11वीं मौत है जो रूसी सेना के पक्ष में संघर्ष में सक्रिय रूप से शामिल थे। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, 200 से ज्यादा नेपाली युवा रूसी सेना में शामिल हो गए थे। मंत्रालय ने नेपाली नागरिकों से विदेशी सेना में शामिल नहीं होने का आग्रह किया है।