नेपाल में नई सरकार का गठन हो गया है। प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली नीत गठबंधन सरकार में आरजू राणा देउबा को वित्त मंत्री बनाया गया है। इस बीच नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल की वित्त मंत्री आरजू राणा से मुलाकात की। दोनों के बीच बैठक के दौरान द्विपक्षीय मुद्दों और सहयोग पर चर्चा की गई। खास बात यह है कि आरजू राणा के वित्त मंत्री का पदभार संभालने के ठीक अगले दिन नवीन श्रीवास्तव ने उनसे मुलाकात की। नेपाल वित्त मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘वित्त मंत्री ने नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय रिश्तों और आपसी सहयोग पर चर्चा की गई।’
ब्रिटेन के केंट स्थित एक गुरुद्वारे में पिछले सप्ताह, हत्या की कोशिश के आरोप में एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का मानना है कि यह मामला धार्मिक रूप से भड़काया हुआ है। पुलिस का कहना है कि किशोर को मेडस्टोन क्राउन कोर्ट में पेश किया गया। अदालत में किशोर पर शारीरिक क्षति पहुंचाने, धमकाने और हिंसा भड़काने का आरोप लगाया गया। अदालत में पुलिस ने कहा कि किशोर ने सार्वजनिक जगह में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया। बीते गुरुवार अदालत ने किशोर को ग्रावेसंड स्थित गुरु नानक दरबार गुरुद्वारे में हुई घटना के मामले में जमानत दी थी। इसके बाद पुलिस ने किशोर की मानसिक स्थिति की जांच के लिए उसे हिरासत में लिया। केंट पुलिस के एक अधिकारी ने कहा,‘यह एक अलग तरह का मामला है और हमारी शुरुआती जांच कहती है कि यह मामला आतंकवाद से जुड़ा हुआ नहीं है।’
इस्राइली सेना ने एक बार फिर गाजा में हमला किया। अधिकारियों का कहना है कि गाजा में सेना द्वारा घोषित सुरक्षित क्षेत्र में इजरायली हवाई हमले में 17 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इससे पहले इस्राइल ने शनिवार को गाजा के खान युनूस में बड़ा हवाई हमला किया था। इस हमले में हमास की सैन्य टुकड़ी के प्रमुख मोहम्मद दईफ समेत 71 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हो गए थे।