विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने आज सियोल में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशक चांग हो-जिन से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारत-प्रशांत और समकालीन क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर एक चर्चा हुई।
जयशंकर ने कहा, 'आज सियोल में व्यापार, उद्योग और ऊर्जा मंत्री डुकगेउन से मिलकर खुशी हुई। हमारे वर्तमान और भविष्य के व्यापार व आर्थिक सहयोग पर व्यापक बातचीत हुई।'
श्रीलंका के साथ संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास के लिए भारतीय तटरक्षक जहाज समर्थ और अभिनव कोलंबो पहुंचे हुए थे। अब यह वहां से रवाना हो गए हैं। बता दें, ये जहाज 27 फरवरी से श्रीलंका की यात्रा पर थे।
प्रवास के दौरान, इन जहाजों ने वीबीएसएस (यात्रा, बोर्ड, खोज और जब्ती), अग्निशमन और क्षति नियंत्रण, समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया पर श्रीलंकाई तटरक्षकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया और संयुक्त प्रशिक्षण गतिविधियों पर श्रीलंका तट रक्षक के साथ काम किया।
इंडिया कोस्ट गार्ड के अनुसार, यात्रा के दौरान योग, समुद्र तट की सफाई और वॉकथॉन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसके अलावा, गाले और कोलंबो से प्रस्थान के समय श्रीलंकाई तटरक्षक जहाज के साथ ‘पासेज एक्सरसाइज’ (पीएएसएसईएक्स) का आयोजन किया गया।