कमला हैरिस दो बार अटॉर्नी जनरल रहीं और फिर 2017 में वो सांसद बनीं। वो ऐसा करने वाली दूसरी अश्वेत महिला थीं। सीनेटर के तौर पर वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ मुखर रही हैं। हालांकि, विदेश नीति पर उन्होंने ट्रंप का समर्थन भी किया है।
अमरीका की दोनों प्रमुख पार्टियों ने आज तक किसी अश्वेत महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया है और आज तक कोई अमरीकी महिला राष्ट्रपति का चुनाव नहीं जीत सकी है।
कैलिफोर्निया की सांसद कमला हैरिस एक समय जो बिडेन को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए चुनौती दे रहीं थीं। राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के बाद उनके नाम की चर्चा हमेशा से हो रही थी कि जो बिडेन उन्हें उप-राष्ट्रपति पद के लिए अपना साथी उम्मीदवार चुनेंगे।
कमला हैरिस (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कमला हैरिस के चुने जाने पर खुशी जाहिर की है और कहा कि यह देश के लिए अच्छा दिन है। उन्होंने अपना पूरा करियर देश के संविधान की रक्षा में बिताया है। जो बिडेन ओबामा के कार्यकाल में उपराष्ट्रपति के तौर पर अपनी सेवा दे चुके हैं।
इसके साथ ही स्पीकर नैंसी पेलोसी और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने भी कमला हैरिस को बिडेन का मजबूत पार्टनर बताया है। पूर्व राष्ट्रपति उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने भी उन्हें अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जो बिडेन अमेरिका के लोगों को एक करेंगे।
हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जो बिडेन और कमला हैरिस के साथ आने पर निराशा जताई है और कहा कि दोनों अमरीका के लिए गलत हैं। उन्होंने कहा कि कमला हैरिस ने प्राइमरी चुनाव में बहुत खराब प्रदर्शन किया था। इसलिए मुझे थोड़ी हैरत हो रही है कि बिडेन ने उन्हें क्यों चुना।
जो बिडेन और कमला हैरिस के रिश्ते दिलचस्प रहे हैं। जो बिडेन के बेटे बियू और कमला हैरिस अच्छे दोस्त हैं और बियू डेलावेयर के अटॉर्नी जनरल रहे हैं। इसके अलावा कमला हैरिस कई मौकों पर जो बिडेन की आलोचना कर चुकी हैं। पिछले साल जो ने इस पर हैरानी भी जताई थी।
भारतीय अमेरिकियों और अश्वेतों के प्रति अच्छे संबंध
कमला हैरिस की मां भारतीय और पिता जमैका के होने के चलते उनकी दोनों समुदाय में अच्छी पकड़ है। अमेरिकी में अश्वते व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद से देश में अश्वेतों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है। ऐसे में डेमोक्रेटिक पार्टी उन्हें अपनी ओर खींचना चाहती है।
प्राइमरी चुनावों के दौरान कमला ने एक आलेख लिखा था, जिसमें उन्होंने खुद के अश्वेत होने पर गर्व जताया था। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति की भी तारीफ की थी। उन्होंने मसाला डोसा बनाते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया था।