टेक्सास, फ्लोरिडा, न्यूजर्सी, ओहायो और मैसाचुसेट्स समेत कई अमेरिकी राज्यों ने अक्टूबर को हिंदू विरासत माह घोषित किया है। इन्होंने कहा है कि हिंदू धर्म ने अपने अद्वितीय इतिहास और विरासत के जरिए अमेरिका को महान योगदान दिया है।
बता दें कि अमेरिका में विभिन्न हिंदू संगठनों ने अक्टूबर माह को हिंदू विरासत माह के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
हाल ही में विभिन्न राज्यों के गर्वनरों के कार्यालय से जारी घोषणाओं में सांसदों और सीनेटरों ने उल्लेख किया कि हिंदू धर्म ने अपने अद्वितीय इतिहास और विरासत के माध्यम से हमारे राज्य और राष्ट्र में बहुत योगदान दिया है।
अमेरिका में हिंदू समूह अब अमेरिकी सरकार द्वारा औपचारिक रूप से हिंदू विरासत माह की घोषणा किए जाने के लिए अभियान चला रहे हैं और कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि वे चाहते हैं कि राष्ट्रपति जो बाइडन एक कार्यकारी आदेश द्वारा औपचारिक रूप से अक्टूबर के महीने को हिंदू विरासत माह के रूप में घोषित करें।
हिंदू संगठनों ने कहा कि 30 लाख हिंदू-अमेरिकी समुदाय की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए और लाखों हिंदू-अमेरिकियों की मातृभूमि, भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने और हम आपसे (राष्ट्रपति) एक कार्यकारी आदेश द्वारा अक्तूबर माह को हिंदू विरासत माह के रूप में औपचारिक रूप से घोषित करने का आग्रह करते हैं।
विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका (वीएचपीए) के अध्यक्ष अजय शाह ने कहा कि यह जानकर आश्चर्य होता है कि लोग सनातन वैदिक धर्म के बारे में कितना कम जानते हैं। यह हमारे दर्शन और लोकाचार पर दुनिया को शिक्षित करने का सही समय है।