पाकिस्तान में बढ़ रहे आतंकी हमलों को लेकर अमेरिका खासा चिन्तित दिखाई दे रहा है। कुछ ही दिन पहले आतंकवादियों ने पाकिस्तान स्थित एक मस्जिद में बम विस्फोट किया। अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से बातचीत की। इस दौरान दोनों के बीच आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रों और क्षेत्रीय विकास पर भी चर्चा हुई। इसकी पुष्टि पेंटागन के प्रेस सचिव जनरल पैट्रिक राइडर द्वारा की गई है।
पाकिस्तान के जियो न्यूज द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक यह दूसरी बार है जब दोनों शीर्ष अधिकारियों ने फोन पर बातचीत की। आखिरी बार दोनों के बीच जनवरी माह में बात हुई थी। हालांकि पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने अभी तक इस बातचीत के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।
डॉन की रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिका द्वारा भी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार माना गया है।, पिछले कुछ महीनों से विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है।
थिंक टैंक पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फि्लक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज द्वारा जुलाई माह में एक रिपोर्ट जारी की गई थी। जिसमें कहा गया था कि इस वर्ष के पहली छमाही में आतंकवादी और आत्मघाती हमलों में लगातार वृद्धि हुई है। अलग-अलग हुए आतंकी घटनाओं में पाकिस्तान में तकरीबन 389 लोगों की जान चली गई थी।
इससे पहले सोमवार को अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने पाकिस्तान के साथ उन रणनीतियों पर काम करने की पेशकश की, जो सभी प्रकार के हिंसक चरमपंथ का मुकाबला करने में बेहतर सहायता कर सकें।