रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से जारी संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को रूसी अधिकारियों ने बताया कि काला सागर के पास स्थित रूस के मशहूर पर्यटन स्थल सोची के पास एक तेल डिपो (तेल भंडारण केंद्र) पर यूक्रेन के ड्रोन हमले से भीषण आग लग गई। कुबान इलाके के गवर्नर वेनियामिन कोंड्रातयेव ने बताया कि यह आग एक ड्रोन को मार गिराने के बाद उसका मलबा ईंधन टैंक से टकराने के कारण लगी। वहीं आग पर काबू पाने के लिए 120 से ज्यादा अग्निशमन कर्मियों को भेजा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तेल डिपो से उठता काले धुएं का बड़ा गुबार देखा गया। इस हमले के बाद सोची एयरपोर्ट पर उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें -
China: रूस और ईरान से तेल खरीदना बंद नहीं करेगा चीन, अमेरिका की मांग को ठुकराया
अन्य इलाकों में भी यूक्रेन के ड्रोन हमले
सोची से उत्तर की ओर स्थित वोरोनेझ क्षेत्र में एक और ड्रोन हमले की खबर है, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रूस और काला सागर के ऊपर 93 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए।
यूक्रेन पर रूस का भीषण हमला जारी
वहीं, यूक्रेन के दक्षिणी शहर मायकोलाइव में रूस की ओर से किए गए मिसाइल हमले में एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया गया। इस हमले में कुल सात लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी वायुसेना का कहना है कि रूस ने शनिवार रात 76 ड्रोन और सात मिसाइलें यूक्रेन पर दागीं, जिनमें से 60 ड्रोन और एक मिसाइल को रोक लिया गया, लेकिन 16 ड्रोन और छह मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंच गईं और आठ अलग-अलग स्थानों पर तबाही मचाई।
बीते हफ्ते यूक्रेन पर बरपा था रूसी कहर
गुरुवार को रूस की तरफ से किए गए एक बड़े हमले में 31 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे। इस हमले में 150 से ज्यादा लोग घायल हुए थे, जिससे यह यूक्रेन के लिए हाल के महीनों का सबसे घातक हफ्ता था।
ट्रंप की चेतावनी और डेडलाइन
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को शांति वार्ता में प्रगति के लिए 8 अगस्त तक की डेडलाइन दी है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर तब तक कोई प्रगति नहीं हुई, तो वे रूस पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, 'रूस वाले चालाक हैं और प्रतिबंधों को चकमा देना उन्हें आता है। देखते हैं क्या होता है।' वहीं ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इस हफ्ते बुधवार या गुरुवार को रूस का दौरा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें -
India-US Trade: तेल खरीदकर रूस की मदद कर रहा है भारत, ट्रंप के करीबी सहयोगी स्टीफन मिलर ने फिर लगाया आरोप
1200 कैदियों की अदला-बदली पर सहमति
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को एक और अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस ने 1200 कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनाई है। यह समझौता जुलाई में इस्तांबुल में हुई बातचीत के बाद हुआ है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हमने 1200 लोगों की अदला-बदली पर सहमति बनाई है। सूची तैयार की जा रही है और हम अपने नागरिकों को वापस लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।' हालांकि रूस की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने यूक्रेनी अधिकारियों के साथ इस्तांबुल में हुई पिछली बैठकों में हुए समझौतों की समीक्षा की और अगली बैठक की तैयारी भी की जा रही है।