कोरोना वैक्सीन मान्यता को लेकर भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद ब्रिटेन ने शनिवार को भारत यात्रा पर जाने वाले अपने नागरिकों के लिए आधिकारिक परामर्श को अपडेट किया। एक दिन पहले ही भारत ने ब्रिटिश नागरिकों के लिए क्वारंटीन में रहने संबंधी नियम निर्धारित किए थे जो सोमवार से प्रभावी होंगे।
भारत ने यह कदम अंतरराष्ट्रीय यात्रा को लेकर भारतीयों के लिए ब्रिटेन के इसी तरह के कदम के जवाब में उठाया था। ब्रिटेन इस मामले पर कूटनीतिक बातें ही करता रहा था। अब ब्रिटेन की सरकार ने इसमें कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर भारतीय अधिकारियों के करीबी संपर्क में है।
ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) की ओर से जारी यात्रा परामर्श में कहा गया है कि सोमवार से ब्रिटेन से भारत जाने वाले यात्रियों को वहां पहुंचने के आठवें दिन भी कोविड-19 जांच करानी होगी और 10 दिन तक अनिवार्य क्वारंटीन में रहना होगा।
भारत सरकार ने घोषणा की थी कि टीकाकरण के बावजूद सोमवार से भारत आने वाले ब्रिटिश नागरिकों को 10 दिन तक क्वारंटीन में रहना होगा। अंतरराष्ट्रीय यात्रा को लेकर भारतीयों के लिए ब्रिटेन के इसी तरह के नियम बनाए हैं। इसके जवाब में ही भारत ने यह कदम उठाया है।
ब्रिटेन सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत में प्रवेश के लिए नियम तय करने और उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी भारतीय अधिकारियों की है। हम उनके करीबी संपर्क में हैं और नियमों में कोई भी बदलाव होने की स्थिति में एफसीडीओ यात्रा परामर्श को अपडेट किया जाएगा।