UK: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि टोरी नेता बोरिस जॉनसन कंजर्वेटिव पार्टी का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं इसका बहुत स्वागत करता हूं।
ब्रिटेन में चार जुलाई को आम चुनाव होने हैं। देश के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के सामने अभी कम वक्त में अधिक मतदाताओं का मूड और माहौल बदलने की सबसे बड़ी चुनौती है। हाल के सर्वेक्षणों में विपक्षी लेबर पार्टी ने सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी की अपेक्षा दोहरे अंकों से बढ़त हासिल की है। इस बीच, सुनक ने मंगलवार को कंजर्वेटिव पार्टी के समर्थन में पत्रों और वीडियो के साथ पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के समर्थन का स्वागत किया है।
विज्ञापन
सुनक ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि बोरिस जॉनसन कंजर्वेटिव पार्टी का समर्थन कर रहे हैं। मैं इसका बहुत स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा, वह (बोरिस जॉनसन) वीडियो और पत्रों के जरिए कई उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे हैं। मैं समझता हूं कि इससे निश्चित रूप से फर्क पड़ेगा। वह हर हफ्ते अपने कॉलम में इस बात को उठाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर कोई समझे कि लेबर सरकार इस देश के साथ क्या करेगी और यह क्यों जरूरी है कि हर कोई कंजर्वेटिव पार्टी को वोट दे। मुझे खुशी है कि वह ऐसा कर रहे हैं।
जॉनसन अभी भी एक लोकप्रिय टोरी नेता हैं। उन्होंने कोविड 19 लॉकडाउन के दौरान डाउनिंग स्ट्रीट और व्हाइटहॉल में कानून तोड़ने वाले पार्टीगेट घोटाले के मद्देनजर पद से इस्तीफा दिया था। इस बार वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उनके सहयोगी और तत्कालीन वित्त मंत्री सुनक ने जुलाई 2022 में मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद कई मंत्रियों के इस्तीफों की झड़ी लग गई थी।