Israel: इस्राइली संसद के बाहर आज हजारों प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने देश में जल्द आम चुनाव कराने और बंधकों की रिहाई की मांग की। वहीं, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्ध के बीच चुनाव न कराने की बात दोहराई।
गाजा में बंधकों की रिहाई और इस्राइल में शीघ्र चुनाव की मांग को लेकर हजारों लोगों ने इस्राइली संसद (नेसेट) के सामने प्रदर्शन किया। द टाइम्स ऑफ इस्राइल की रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोग नेसेट के सामने एकत्र हुए और इसके बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर की ओर मार्च किया। इस दौरान पुलिस के साथ हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें कम से कम तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने कहा कि कम से कम नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
विज्ञापन
रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू के घर के बाहर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की। आरोप है कि प्रदर्शनों को दबाने के लिए पुलिस अत्यधिक बल का इस्तेमाल कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस सप्ताह को व्यवधान का सप्ताह करार दिया है। मंगलवार को सप्ताह का दूसरा दिन था। वे नेतन्याहू पर 7 अक्तूबर, 2023 की विफलताओं के लिए दोषी ठहरा रहे हैं। इसके पहले नेतन्याहू दोहराते रहे हैं कि गाजा में संघर्ष के बीच चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं। इस्राइल में अगला आम चुनाव औपचारिक रूप से अक्तूबर 2026 में होना है।