पूरी दुनिया की नजरें इस वक्त ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री उम्मीदवारों की ओर देख रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री पद की दौड़ में एक और नाम शामिल हो गया है। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने रविवार को सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के नेता के रूप में प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी ठोकी है।
एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने बोरिस जॉनसन को रूढ़िवादी पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री के रूप में सफल बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
46 वर्षीय ट्रस को व्यापक रूप से कंजर्वेटिव पार्टी के नेता के संभावित दावेदारों में से एक के रूप में देखा जा रहा है। ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस ने लंदन लौटने के लिए इंडोनेशिया में जी-20 बैठक की अपनी यात्रा को छोटा कर दिया था। इसके अलावा, उनकी घोषणा के तुरंत बाद पीएम पद के उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। क्योंकि सांसद रहमान चिश्ती ने भी अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है।
बोरिस जॉनसन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे के एलान के बाद सत्तासीन कंजर्वेटिव पार्टी में पीएम के लिए अब तक लिज ट्रस और सांसद रहमान चिश्ती को मिलाकर कुल 11 दावेदार हो चुके हैं। इनमें पूर्व वित्त मंत्री से लेकर मौजूदा वित्त मंत्री तक शामिल हैं। इसके अलावा कई नए चेहरों ने भी पीएम पद के लिए अपनी उम्मीदवारी पेश की है।
ब्रिटेन में फिलहाल किस-किस ने पेश की पीएम के लिए दावेदारी?
बोरिस जॉनसन के पीएम पद से इस्तीफे के एलान के बाद दावेदारी पेश करने वालों में सबसे पहला नाम पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक का रहा। सुनक ही जॉनसन कैबिनेट के पहले नेता थे, जिन्होंने सीधे पीएम के विरोध में वित्त मंत्री पद छोड़ दिया था। उनके बाद अब तक परिवहन मंत्री ग्रांट शैप्स, सुनक की जगह वित्त मंत्री बनाए गए नदीम जहावी, पूर्व विदेश मंत्री जेरेमी हंट और पाकिस्तानी मूल के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने भी अपनी उम्मीदवारी का एलान कर दिया।
इनके अलावा पार्टी नेतृत्व की दौड़ में अब तक गोवा मूल के अटार्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन, नाइजीरियाई मूल के केमी बेदनॉख और टोरी सांसद टॉम टुगेनढाट के नाम शामिल हैं। व्यापार मंत्री पेनी मोर्डेंट ने भी पीएम पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने एक वीडियो के जरिए अपनी दावेदारी पेश की। इस तरह अब तक ब्रिटिश संसद के निचले सदन- हाउस ऑफ कॉमन्स में पार्टी के प्रतिनिधि पद के लिए कुल 11 लोग उम्मीदवार बन चुके हैं।
गौरतलब है कि जॉनसन ने कैबिनेट विद्रोह के बाद गुरुवार को इस्तीफा दे दिया था, लेकिन एक नया टोरी नेता चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में बने रहेंगे।