संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के दौरान यूएई के उपराष्ट्रपति ने पीएम मोदी को अपनी किताब 'माय स्टोरी' की एक प्रति भेंट की। इस किताब के साथ ही यूएई के उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को निजी संदेश भी दिया। पीएम मोदी ने भी बैठक के बाद सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम की तारीफ की।
पीएम मोदी ने की उपराष्ट्रपति की तारीफ
अपनी किताब की प्रति पीएम मोदी को सौंपते हुए शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम ने लिखा, 'महामहिम नरेंद्र मोदी, बीते 50 साल की यात्रा बहुमूल्य अनुभव और कामों की यात्रा रही है। मुझे उम्मीद है कि आप मेरी कहानी पढ़ते हुए इसका आनंद लेंगे।' बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'मैं आपकी भाव-भंगिमाओं को हमेशा याद रखूंगा। आज हमारी बैठक के दौरान उपराष्ट्रपति ने मुझे अपनी किताब की एक प्रति सौंपी और एक निजी संदेश भी दिया। आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन और कामों से प्रेरणा लेंगी। दुबई के विकास, साथ ही हमारी धरती के लिए उनका समर्पण और दूरदर्शिता कमाल की है।'
दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर हुई बातचीत
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने दुबई के विकास में भारतीय मूल के लोगों के योगदान की भी जमकर तारीफ की। खासकर दुबई के व्यापार, सर्विस और पर्यटन के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनने की दिशा में भारतीय मूल के लोगों का विशेष योगदान है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने, व्यापार, निवेश, तकनीक, अंतरिक्ष, शिक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर बात हुई। दोनों देशों में आर्थिक और व्यापारिक स्तर पर बढ़े रहे सहयोग की भी दोनों नेताओं ने तारीफ की।
भारतीय समुदाय के लिए अस्पताल की जमीन देने के लिए भी पीएम मोदी ने जताया आभार
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल के लिए जमीन देने के लिए भी पीएम मोदी ने शेख राशिद का आभार जताया। इस अस्पताल में दुबई में काम करने वाले भारतीय कामगारों और मध्यम वर्गीय लोगों को किफायती दामों पर इलाज की सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे थे। जहां उन्होंने बुधवार को दुबई में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। साथ ही वे दुबई में आयोजित हुए गवर्नमेंट सम्मेलन में भी शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी मुलाकात की और मंगलवार को दुबई में 'अहलान मोदी' नामक इवेंट में भारतीय मूल के समुदाय को संबोधित भी किया।