अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हांगकांग में हो रहे भारी विरोध प्रदर्शन को लेकर अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से जी-20 सम्मेलन में चर्चा करेंगे। इस बात की जानकारी रविवार को अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो दी है।
पोम्पियो ने अमेरिकी टेलीविजन चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा है, "मुझे लगता है कि हमें राष्ट्रपति (चीन के राष्ट्रपति) शी जिनपिंग को आने वाले हफ्तों में जी-20 सम्मेलन में देखने का मौका मिलेगा। मुझे यकीन है कि यह उन मुद्दों में से होगा जिसपर वो चर्चा करेंगे।
हम देख रहे हैं कि हांगकांग में क्या चल रहा है। हांगकांग के लोग उन चीजों के बारे में बोल रहे हैं, जो उनके लिए महत्वपूर्ण हैं।"
इससे पहले बीते हफ्ते ट्रंप ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि विवादास्पद प्रत्यर्पण कानून का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतरे लोग अब कानून की निंदा करना बंद करेंगे, जिसे अब निलंबित कर दिया गया है और चीन के साथ "काम करेंगे"।
पोम्पेओ ने जोर देकर कहा, "राष्ट्रपति हमेशा मानव अधिकारों के एक मजबूत रक्षक रहे हैं और व्यापार विवाद के कारण ट्रंप का चीनी सामान पर आयात शुल्क लगाना उनके बीजिंग से मुकाबला करने की तत्परता दिखाता है।"
उन्होंने आगे कहा, "रिपब्लिकन, डेमोक्रेट राष्ट्रपतियों के तहत एक लंबे समय के लिए, हमने चीन को व्यापार और अन्य तरीकों से हमारा लाभ उठाने की अनुमति दी। लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने इसका उल्टा किया है।" बता दें इस साल जी-20 सम्मेलन जापान के ओसाका में 28-29 जून तक होगा।