श्रीलंका में पुलिस ने करीब 200 विदेशियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें सबसे ज्यादा संख्या भारतीयों की है, जो कथित तौर पर ऑनलाइन पैसे की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए हैं।
भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में भारतीयों की तरफ से ऑनलाइन पैसे की धोखाधड़ी करने के कई मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक श्रीलंकाई समाचार संगठन के अनुसार श्रीलंकाई पुलिस ने 200 विदेशियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें कथित तौर पर ऑनलाइन पैसे की धोखाधड़ी करने के मामले में सबसे ज्यादा संख्या भारतीय गिरफ्तार किए गए हैं।
विज्ञापन
चीन, बांग्लादेशी, पाकिस्तानी और नेपाली भी शामिल
वहीं श्रीलंका के आपराधिक जांच विभाग ने यह भी पाया कि इस तरह की धोखाधड़ी के माध्यम से मिले पैसे को यूनाइटेड किंगडम, दुबई और भारत के बैंक खातों में जमा किया गया है। जबकि एक स्थानीय समाचार पोर्टल ने आपराधिक जांच विभाग के अधिकारियों के हवाले से बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में चीन, बांग्लादेशी, पाकिस्तानी और नेपाली के नागरिक शामिल हैं, लेकिन इनमें से सबसे ज्यादा संख्या भारतीय नागरिक की है।
400 से ज्यादा कंप्यूटरों की हो रही जांच
श्रीलंकाई पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए विदेशियों के पास से इस्तेमाल किए 400 से ज्यादा कंप्यूटरों की जांच की जा रही है। वहीं इससे पहले शुक्रवार को पुलिस प्रवक्ता एसएसपी निहाल थलदुवा ने बताया था कि गुरुवार को कोलंबो के उपनगरीय इलाके मदीवेला और बत्तरामुल्ला और पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो से लगभग 60 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
शुक्रवार को हुई छापेमारी में 60 भारतीय गिरफ्तार
बता दें कि इस मामले में श्रीलंका के सीआईडी अधिकारियों ने इन इलाकों में एक साथ छापेमारी की थी, जिसमें कुल 135 मोबाइल फोन और 57 लैपटॉप जब्त किए गए थे। जबकि ये कार्रवाई एक पीड़ित शख्स की शिकायत के बाद की गई थी, जिसे सोशल मीडिया पर बातचीत के लिए नकदी का वादा करके एक व्हाट्सएप ग्रुप में फंसाया गया था। पुलिस ने कहा था कि गिरफ्तारियों ने दुबई और अफगानिस्तान में अंतरराष्ट्रीय संबंधों को उजागर किया है, जबकि पीड़ितों में स्थानीय और विदेशी दोनों शामिल थे।