जांचकर्ताओं का कहना है कि हाल में ब्रिटेन में कोकीन की जो खेपें पकड़ी गईं, वे पहले से ज्यादा बड़ी रही हैं। इसकी वजह यही है कि ब्रिटिश गिरोहों ने दुनिया के सबसे बड़े कोकीन तस्कर गिरोह के साथ संपर्क बना रखा है। पिछले दिनों नेशनल क्राइम एजेंसी ने दो टन कोकीन की एक खेप जब्त की थी। इसे समुद्र में एक याच (बड़ी नौका) से जब्त किया गया। उस खेप के साथ छह लोग गिरफ्तार भी किए गए।
एजेंसी के विश्लेषण के मुताबिक ड्रग्स की सप्लाई के धंधे से ब्रिटेन में 1,716 संगठित गिरोह शामिल हैं। उनमें से कुछ ऐसे हैं, जो कोकीन की खरीदारी सीधे दक्षिण अमेरिकी ड्रग्स गिरोहों से करते हैं। कुछ गिरोह बिचौलियों या अपने सूत्रों के जरिए खरीदारी करते हैं। ये खरीदारी नीदरलैंड्स के रोटेरडेम या बेल्जियम के एंटवर्प शहर से की जाती है। दक्षिण अमेरिका से ड्रग्स कारोबारी कोकीन लाकर इन्हीं या कुछ दूसरे शहरों में उतारते हैं। इन शहरों का इस्तेमाल यूरोप में नशीली दवाओं के लिए प्रवेश द्वार के रूप में किया जा रहा है।
जानकारों के मुताबिक यूरोप में कोकीन के बढ़ रहे कारोबार से साफ है कि यहां इस पदार्थ का बाजार अब पहले से बड़ा हो गया है। इसीलिए इस काम में बड़े गिरोह शामिल हो गए हैं, जो एक दूसरे की मदद करते हुए ये कारोबार चला रहे हैं।