रूस के वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन ने एलान किया है कि उसके लड़ाकों ने बाखमुत पर कब्जा कर लिया है। हालांकि प्रिगोझिन के इस दावे को यूक्रेन के सैन्य प्रवक्ता ने खारिज किया है और कहा है कि बाखमुत में अभी भी लड़ाई जारी है। वहीं प्रिगोझिन ने एक वीडियो जारी कर एलान किया है कि बाखमुत पर रूस का कब्जा हो गया है। इस वीडियो में प्रिगोझिन के पीछे रूस और वैगनर का बैनर लिए लड़ाके दिख रहे हैं।
वैगनर ग्रुप चीफ ने किया बाखमुत पर दावे का एलान
प्रिगोझिन ने कहा कि आज 12 बजे दोपहर में बाखमुत पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया गया है। शहर के घर-घर पर हमारा कब्जा है। बता दें कि बाखमुत की लड़ाई रूस यूक्रेन युद्ध की सबसे घातक लड़ाइयों में से एक रही, जिसमें दोनों ही सेनाओं को काफी नुकसान हुआ। प्रिगोझिन ने कहा कि उसके लड़ाके 25 मई को बाखमुत में रूसी सेना को नियंत्रण देकर ये मोर्चा छोड़ देंगे।
'बाइडन का माथा चूम लें जेलेंस्की'
वैगनर ग्रुप चीफ का यह एलान ऐसे वक्त आया, जब जापान के हिरोशिमा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की दुनिया के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से भी अलग से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर प्रिगोझिन ने जेलेंस्की पर तंज कसा है। प्रिगोझिन ने कहा कि 'आज जब आप बाइडन को देखें तो उनके माथे को चूम लेना और मेरी तरफ से उन्हें हैलो कहना।'
वैगनर ग्रुप को हुआ भारी नुकसान
वीडियो में प्रिगोझिन ने ये भी कहा कि बाखमुत की लड़ाई में उनके लड़ाकों को भी काफी नुकसान झेलना पड़ा। बता दें कि पहले भी प्रिगोझिन हथियारों की पर्याप्त सप्लाई ना होने को लेकर रूस के रक्षा मंत्रालय पर निशाना साध चुके हैं। अब भी उन्होंने कहा कि अगर हथियारों की पर्याप्त सप्लाई होती तो उनके लड़ाकों को पांच गुना कम नुकसान हुआ होता।
बता दें कि यूक्रेन के बाखमुत शहर पर कब्जे के लिए रूस ने बड़ी संख्या में सैनिकों की इस मोर्चे पर तैनात किया था। ब्रिटेन की खूफिया रिपोर्ट में कहा गया कि रूसी नेतृत्व किसी भी हाल में बाखमुत पर कब्जा चाहता था ताकि इतनी लंबी लड़ाई के बाद उसे कुछ सफलता तो मिल सके।