अमेरिकी संसद में निंदा प्रस्ताव लाने के बावजूद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी व रिपब्लिकन प्रतिनिधि पॉल गोसर ने एक बार फिर से विवादित एनिमेटेड वीडियो को ट्वीट कर विवाद पैदा कर दिया है। बता दें कि इस वीडियो में पॉल गोसर द्वाराडेमोक्रेटिक प्रतिनिधि अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज को तलवार से मारते हुए दिखाया गया है। वहीं इससे पहले सदन ने बुधवार को पॉल गोसर की निंदा करने के लिए मतदान किया। मतदान के बाद उन्हें हाउस कमेटी असाइनमेंट से भी हटा दिया गया। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने एक दशक में पहली बार अपने किसी सदस्य की निंदा की।
वहीं स्पीकर नैन्सी पेलोसी जब निंदा प्रस्ताव पढ़ रही थीं तब उस दौरान गोसर एक दर्जन रिपब्लिकनों के साथ सदन के वेल में आ गए थे। स्पीकर ने गोसर की इस हरकत को सदन की भावना के खिलाफ बताया। हालांकि गोसर ने कक्ष छोड़ने से पहले जीओपी सम्मेलन के अन्य सदस्यों से हाथ मिलाया, गले लगाया और पीठ पर थपथपाया।
कुछ दिन पहले कर दिया था ट्वीट डिलीट, लेकिन मतदान के बाद किया रीट्वीट
गोसर ने आलोचनाओं के बीच कुछ दिन पहले ट्वीट को डिलीट कर दिया था, लेकिन वोट के तुरंत बाद बुधवार देर रात उन्होंने वीडियो को रीट्वीट कर दिया। गोसर की इस हरकत पर आगे भी उनपर कार्रवाई की जा सकती है।
केविन मैकार्थी ने निंदा प्रस्ताव को सत्ता का दुरुपयोग कहा
रिपब्लिकन माइनॉरिटी लीडर केविन मैकार्थी ने निंदा प्रसेताव को डेमोक्रेट्स द्वारा राष्ट्रीय समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए चली गई एत चाल बताया। उन्होंने निंदा प्रस्ताव के बारे में कहा कि भविष्य में एक नया मानक लागू किया जाना चाहिए।