कतर सीरिया को प्राकृति गैस की आपूर्ति करेगा ताकि वहां प्रति दिन 400 मेगावाट बिजली क उत्पादन किया जा सके। यह कदम सीरिया में बिजली के गंभीर संकट को दूर करने के लिए उठाया जा रहा है। सीरिया की सरकारी समचार एजेंसी सना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सीरिया के अंतरिम बिजली मंत्री ओमर शाकरूक ने कहा कि कतर से मिलने वाली प्राकृतिक गैस की मदद से बिजली की आपूर्ति को दो घंटे से बढ़ाकर चार घंटे प्रतिदिन किया जा सकेगा। समझौते के तहत कतर हर दिन दो मिलियन क्यूबिट मीटर प्राकृतिक गैस दमिश्क के दक्षिण में स्थित दीर अली बिजली घर भेजेगा। यह प्राकृतिक गैस जॉर्डन से गुजरने वाली पाइपलाइन के जरिए पहुंचाई जाएगी।
वहीं, कतर की सरकारी समाचार एजेंसी ने कहा कि यह पहल कतर विकास कोष और जॉर्डन के उर्जा और खनिज संसाधन मंत्रालय के बीच हुए एक समझौते का हिस्सा है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) भी सहयोग कर रहा है। इसका मकसद सीरिया में बिजली की कमी को दूर करना और उसके ढांचे में सुधार करना है।
सीरिया की अर्थव्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं करीब 14 वर्षों के गृह युद्ध और बशर अल-असद की सरकार पर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसमें बिजली उत्पादन भी शामिल है। जिन लोगों के पास पैसे होते हैं, बिजली की कमी को पूरा करने के लिए वे सौर उर्जा और निजी जनरेटर का इस्तेमाल करते हैं, जबकि बाकी अधिकांश लोग ज्यादातर समय बिना बिजली के रहते हैं।
पिछले साल दिसंबर में विद्रोहियों ने दमिश्क पर कब्जा कर लिया था और असद को सत्ता से हटा दिया गया था। इसके बाद से सीरिया के नए शासक उस क्षेत्र पर फिर से नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं, जो युद्ध के दौरान कई छोटे-छोटे हिस्सों में बंट गया था। सीरिया के पुनर्निर्माण को लेकर 2017 में संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया था कि कम से कम 250 मिलियन डॉलर की जरूरत होगी, जबकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह राशि 400 अरब डॉलर तक की जरूरत होगी।
अमेरिका सीरिया की अंतरिम सरकार और वर्तमान राष्ट्रपति अहमद अल-शारा को लेकर सतर्क है, जो हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के पूर्व नेता हैं। वॉशिंगट एचटीएस को एक आतंकवादी संगठन मानता है और प्रतिबंध नहीं हटा रहा है। हालांकि, जनवरी में अमेरिकी ने कुछ प्रतिबंधों में ढील दी थी।
संबंधित वीडियो-