पाकिस्तान की पीआईए की उड़ान पीके-306 जो कराची से लाहौर के लिए जा रही थी, हवाई अड्डे पर उतरते वक्त एक पिछला पहिया गायब पाया गया। मामले में अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के कारण कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल गए।
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के एक घरेलू विमान की लाहौर हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक पहिया गायब होने का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार सुबह की है, जब पीआईए की उड़ान पीके-306, जो कराची से लाहौर के लिए जा रही थी, हवाई अड्डे पर उतरते वक्त एक पिछला पहिया गायब पाया गया। मामले में अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के कारण कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल गए।
विज्ञापन
हालांकि, यह एक गंभीर घटना थी, क्योंकि विमान का पिछला पहिया लैंडिंग के दौरान गायब हो गया था। विमान के कैप्टन द्वारा किए गए निरीक्षण में यह खुलासा हुआ कि मुख्य लैंडिंग गियर (पीछे) के छह पहियों में से एक पहिया गायब था।
विमान के उतरने के बाद पीआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि विमान ने निर्धारित समय पर और बिना किसी घटना के लैंडिंग की। सभी यात्री नियमित रूप से विमान से उतरे और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि विमान का डिज़ाइन इस तरह से किया गया है कि ऐसी आकस्मिक परिस्थितियों में भी कोई जोखिम नहीं होता। इसके अलावा, पीआईए के अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस मामले को उड़ान सुरक्षा टीम और लाहौर हवाई अड्डे की टीम द्वारा उठाया गया है और इसकी जांच की जा रही है।
घटना की खबर सामने आ ने के बाद अब, जांच दल यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या यह पहिया लाहौर में उतरने के बाद गायब हुआ था या यह पहले से ही कराची से उड़ान भरने के दौरान गायब हो चुका था। कराची हवाई अड्डे पर पहिये के कुछ टुकड़े पाए गए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह पहिया शायद उड़ान भरने से पहले ही खराब स्थिति में था। मामले में अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच में यह देखा जाएगा कि पहिया चोरी हुआ था या नहीं, हालांकि इस संभावना को कम बताया गया है। इस घटना की जांच पूरी होने के बाद पीआईए और लाहौर हवाई अड्डा अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।