अमेरिका के डेलावेयर में शनिवार को क्वाड शिखर सम्मेलन में आयोजित हुआ। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। क्वाड बैठक के बाद कुछ ऐसा हुआ, जिस पर अब हर तरफ चर्चा हो रही है। दरअसल, क्वाड की बैठक के बाद चारों देशों के नेताओं की ग्रुुप फोटो होनी थी। इस दौरान एक पत्रकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति से क्वाड के अस्तित्व के बारे में सवाल पूछ लिया। इस पर जो बाइडन ने भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा कि क्वाड चुनाव यानी नवंबर के बाद भी बना रहेगा। क्वाड यहां रहने के लिए है।
राष्ट्रपति पद के लिए नवंबर में होना है चुनाव
गौरतलब है, अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और रिपब्लिकन की ओर से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मैदान में हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन ने जुलाई में चुनावी दौड़ से बाहर होने का फैसला लिया था, जिसके बाद हैरिस को उम्मीदवार चुना गया।
ऐसे मिले सभी नेताओं से
बता दें कि इससे पहले क्वाड समिट में शामिल होने के लिए ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज सबसे पहले पहुंचे थे। इस दौरान जो बाइडन ने हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद जापानी काफिला आया और पीएम किशिदा रेड कार्पेट पर आए और बाइडन से मिले, जिन्होंने उन्हें गले लगा लिया।
इसके बाद, भारत के प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन स्थल पर पहुंचे। यहां अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने पीएम मोदी का अभिवादन किया और उन्हें रेड कार्पेट पर लेकर आए। इसके बाद मोदी और बाइडन पहले गले मिले फिर हाथ मिलाया। इस दौरान प्रधानमंत्री कुछ कहते हुए दिखाई दिए। बाद में चारों नेताओं ने फोटो खिंचवाई।
पत्रकार के सवाल का दिया ऐसा जवाब...
वहीं इस दौरान एक रिपोर्टर ने राष्ट्रपति बाइडन से पूछा कि क्या नवंबर में होने वाले चुनाव के बाद भी क्वाड रहेगा। इस पर उन्होंने सबसे पहले पीएम मोदी के कंधे पर हाथ रखा और मुस्कुराकर कहा कि नवंबर के बहुत बाद तक। उनका जवाब सुनकर सभी नेता हंस पड़े।
बना रहेगा क्वाड
बाइडन ने कहा कि क्वाड को बढ़ाने के उनके प्रस्ताव के चार साल बाद, चार देश- भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान पहले के मुकाबले हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ज्यादा मजबूत हुए हैं। जबकि चुनौतियां आएंगी और दुनिया बदलेगी – क्वाड यहां रहने के लिए है।
बता दें कि जो बाइडन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ क्वाड बैठक की मेजबानी की। ये क्वाज लीडर्स समिट का छठी बैठक है। ये अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा दोनों के लिए अपने-अपने कार्यालयों से हटने से पहले एक ‘विदाई’ शिखर सम्मेलन है।
हम लोकतांत्रिक देश हैं: बाइडन
सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, 'हम लोकतांत्रिक देश हैं जो जानते हैं कि काम कैसे करना है। यही कारण है कि मेरे राष्ट्रपति बनने के शुरुआती दिनों में ही, मैं आप सभी से मिला, आप सभी के देश गया, यह प्रस्तावित करने के लिए कि हम क्वाड को और अधिक परिणामी बना रहे हैं। 4 साल बाद, हम चार देश पहले से कहीं अधिक रणनीतिक रूप से एकजुट हैं।'
अगले साल भारत करेगा मेजबानी
क्वाड शिखर सम्मेलन 2025 की मेजबानी भारत करेगा। पीएम मोदी ने समिट में कहा कि हमें 2025 में भारत में क्वाड लीडर्स समिट आयोजित करने में खुशी होगी। उन्होंने कहा, 'मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में इस क्वाड समिट में भाग लेकर बेहद खुशी हो रही है। हमारी बैठक उस समय हो रही है जब दुनिया तनाव और संघर्षों से घिरी हुई है। ऐसे में, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर क्वाड का एक साथ काम करना मानवता के लिए बहुत जरूरी है।'