अगर आपसे किसी ऐसे देश का नाम पूछा जाए जहां सबसे ज्यादा बेवकूफाना किस्से होते हों, तो शायद सबसे पहले आपकी जुबान पर पड़ोसी देश पाकिस्तान का ही नाम आएगा। हाल ही में एक पाकिस्तानी न्यूज एंकर ने शो के दौरान ऐसी हरकत कर दी जिसे जानकर आप या तो जी भर हंसेंगे या फिर अपना माथा पकड़ लेंगे। दरअसल हुआ यह कि एक न्यूज प्रोग्राम के दौरान दिग्गज टेक कंपनी एपल का नाम लिया गया और एंकर ने इसे फल समझ लिया।
पाकिस्तान की एक पत्रकार नायला इनायत ने इसी कार्यक्रम की एक वीडियो क्लिप ट्विटर पर शेयर की है। इसमें एक न्यूज कार्यक्रम के दौरान एक पैनलिस्ट ने कहा, 'अकेले एपल का व्यापार पाकिस्तान के पूरे सालाना बजट से ज्यादा है।' इसे फल का व्यापार समझते हुए कहा, 'हां सर, मैंने सुना है कि एपल की कई किस्में होती हैं और इसका व्यापार भी बड़े पैमाने पर होता है।' पैनलिस्ट ने इस पर एंकर को टोकते हुए कहा, 'मैं एपल कंपनी के बारे में बात कर रहा हूं, फल की नहीं।'
ट्विटर पर यह वीडियो शेयर होते ही यूजर्स ने इसे हाथों हाथ लिया और जमकर मजाक उड़ाया। खुद नायला ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है 'एपल का बिजनेस और एपल के प्रकार, पाकिस्तान के कुछ रेग्युलर टीवी शो..'
एक यूजर ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा, 'सेब का साथ, सेब का विकास'
एक यूजर ने लिखा, 'इसे कहते हैं बंद बुद्धि।'
एक यूजर ने लिखा, 'एक एपल इंजीनियर के तौर पर मैं अपनी हंसी नहीं रोक पाया।'
वहीं एक यूजर ने लिखा, 'इसीलिए लोग कहते हैं कि एक सेब रोज खाने से आपके डॉक्टर की जरूरत नहीं पड़ेगी लेकिन वह यह नहीं करते कि मनोचिकित्सक की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।'
हालांकि, पाकिस्तान में इस तरह के मामले नए नहीं हैं। कुछ दिन पहले पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार की एक बैठक का सजीव प्रसारण किया जा रहा था। इसमें गलती से कैट फिल्टर ऑन हो गया था। ट्विटर पर इस वीडियो का भी जमकर मजाक उड़ा था।