पाकिस्तान में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शहबाज शरीफ की कैबिनेट के लिए 19 मंत्रियों को शपथ दिलाई है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री शरीफ सहित अन्य लोग शामिल हुए। हालांकि नए मंत्रियों के पोर्टफोलियो की घोषणा अभी नही की गई है। इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कैबिनेट के लिए 19 नामों की सिफारिश की थी। पीएम शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति जरदारी को इस बाबत पत्र लिखा था। साथ ही शपथ ग्रहण के बाद ही पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित की जाएगी।
जिन लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है उनमें इशाक डार, ख्वाजा आसिफ, अहसान इकबाल, मुहम्मद औरंगजेब, आजम तरार, राणा तनवीर, मोहसिन नकवी, अहद चीमा, खालिद मकबूल सिद्दीकी, रियाज प्रिजादा, कैसर शेख, शजा फातिमा, अलीम खान, जाम कमाल, अमीर मुकाम, अवैस लेघारी, अत्ता तरार, सालिक हुसैन और मुसद्दिक मलिक शामिल हैं।
गौरतलब है कि इन मंत्रियों के पोर्टफोलियो का अभी एलान नहीं किया गया है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि मुहम्मद औरंगजेब को वित्त मंत्री, इशाक डार को विदेश मंत्री और ख्वाजा आसिफ को रक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, आजम तरार कानून मंत्री, अत्ता तरार सूचना मंत्री, मुसद्दिक मलिक पेट्रोलियम मंत्री, मोहसिन नकवी आंतरिक मंत्री और अहद चीमा कश्मीर मामलों के मंत्री बनाए जा सकते हैं।
वहीं, मुहम्मद औरंगजेब, मोहसिन नकवी और अहद चीमा को सलाहकार के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया है। वहीं, शहबाज कैबिनेट में सिर्फ एक महिला शजा फातिमा को शामिल किया गया है।
शपथ ग्रहण प्रधानमंत्री शरीफ द्वारा 19 नामों की सिफारिश करने के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसके एक दिन बाद उन्होंने इस मामले पर अपने अंदरूनी नेताओं के साथ मैराथन बैठक की। शहबाज शरीफ की नई कैबिनेट में कई ऐसे भी नेता हैं, जो पिछली सरकार में भी शामिल थे। इनमें पूर्व रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार, पूर्व योजना मंत्री अहसान इकबाल, पूर्व कानून मंत्री आजम नजीर तरार और पूर्व पेट्रोलियम राज्य मंत्री मुसादिक मलिक शामिल हैं।
पाकिस्तान चुनाव आयोग ने की सीनेट चुनाव की घोषणा
इस बीच, पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने संसद के ऊपरी सदन सीनेट के लिए चुनाव का एलान कर दिया है। ईसीपी ने बताया कि 12 मार्च को आधे मौजूदा सीनेटरों की सेवानिवृत्ति पर खाली होने वाली सीटों को भरने के लिए चुनाव होंगे। ईसीपी ने बताया कि ये प्रक्रिया दो अप्रैल को होगी। इसके लिए नामांकन पत्र सोमवार से मिलने लगेंगे और इन्हें 15-16 मार्च तक जमा किया जाएगा।
ईसीपी ने यह भी बताया कि 12 मार्च को 52 सीनेटर रिटायर होंगे। हालांकि दो अप्रैल को होने वाले चुनाव 48 सीटों पर ही कराए जाएंगे। जनजातीय क्षेत्रों की चार सीनेट सीटों पर चुनाव नहीं कराए जाएंगे। ईसीपी के अनुसार, पंजाब में सात सामान्य सीटों, दो महिला सीटों, दो टेक्नोक्रेट सीटों और एक अल्पसंख्यक सीट पर सीनेट चुनाव कराए जाएंगे।