हमास ने जारी किया बयान
हमास ने याह्या की नियुक्ति को लेकर एक बयान जारी किया। इसमें उसने कहा कि इस्माइल हनिया की जगह लेने के लिए सिनवार को अपने राजनीतिक ब्यूरो का नया प्रमुख नियुक्त किया है, जो पिछले हफ्ते ईरान में एक कथित इस्राइली हमले में मारा गया था।
कौन है याह्या सिनवर?
याह्या सिनवर गाजा पट्टी में हमास का शीर्ष नेता है। इस्राइल में 7 अक्तूबर को हुए हमास के हमले का मास्टरमाइंड भी याह्या सिनवर को माना जाता है। याह्या सिनवर को गाजा का सबसे ताकतवर नेता माना जाता है। वह इस्राइल की कैद में रह चुका है और करीब 24 साल जेल में बिता चुका है। इस्राइली सैनिक गिलाद शालित के बदले में इस्राइल की जेल से 1027 फिलस्तीनी कैदी रिहा किए गए थे, उन्हीं कैदियों में याह्या सिनवर भी शामिल था। सिनवर ईरान का करीबी है और हमास के कट्टरपंथी समूह का नेतृत्व करता है। याह्या सिनवर इस्राइल की उस सूची में शीर्ष पर है, जिनका इस्राइल खात्मा चाहता है।
सात अक्टूबर को हुए हमले का किया था नेतृत्व
सात अक्टूबर को दक्षिणी इस्राइल में हुए आतंकवादी हमले में 12 सौ लोग मारे गए थे और लगभग ढाई सौ लोगों को बंधक बनाया गया था। हमास के जिस समूह ने इस्राइल पर हमला किया था, उसका नेतृत्व याह्या सिनवर ने ही किया था।
31 जुलाई को तेहरान में हुई थी हानिया की हत्या
बता दें कि हमास की राजनीतिक शाखा के प्रमुख इस्माइल हानिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हत्या कर दी गई थी। इस्माइल हानिया की हत्या का आरोप इस्राइल पर लगा है। हालांकि अभी तक इस्राइल ने इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इस्माइल हानिया को साल 2018 में अमेरिका ने आतंकवादी घोषित किया था।