पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर के अचानक लापता होने का रहस्य और गहरा गया है। रविवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि वे किसी भी सरकारी संस्था की हिरासत में नहीं हैं।
शनिवार शाम से लापता हैं अल अमीन गंडापुर
बता दें कि अल अमीन गंडापुर शनिवार शाम को इस्लामाबाद में अपने आधिकारिक आवास केपी हाउस से लापता हो गए थे। वह पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के विरोध रैली का नेतृत्व करने के बाद अपने आवास पर आराम करने गए थे।
किसी अज्ञात स्थान पर छिपे हैं अल अमीन- गृह मंत्री
दूसरी तरफ, गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि सरकार को मुख्यमंत्री के ठिकाने के बारे में पता नहीं है। पुलिस जब उनके आवास पर पहुंची तो वह पहले ही केपी हाउस से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि वह किसी अज्ञात स्थान पर छिपे हुए हैं। उन्होंने कहा, पुलिस ने कुछ स्थानों पर छापेमारी भी की, लेकिन उन्हें नहीं ढूंढ़ा जा सका है।
गंडापुर से सरकार और परिजन नहीं कर पा रहे संपर्क
वहीं खैबर-पख्तूनख्वा सरकार के प्रवक्ता मुहम्मद अली सैफ के अनुसार, प्रांतीय सरकार और मुख्यमंत्री का परिवार उनसे संपर्क करने में असमर्थ है। एक स्थानीय समाचार चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, खैबर-पख्तूनख्वा सरकार ने रविवार को गंदापुर के लापता होने के खिलाफ पेशावर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। खैबर-पख्तूनख्वा के महाधिवक्ता शाह फैसल ने कहा कि एक रिट याचिका तैयार की गई है और अदालत से इस पर सुनवाई करने का अनुरोध किया जाएगा। दूसरी ओर, एक स्थानीय समाचार चैनल से बात करते हुए, मुख्यमंत्री के भाई फैसल अमीन गंदापुर ने कहा कि कल रात से उनकी अपने भाई से बातचीत नहीं हो सकी हैं।
राज्यपाल बोले- खुद ही छिप गए हैं गंडापुर
इससे पहले, खैबर-पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार बैरिस्टर सैफ ने कहा कि सीएम गंदापुर से शनिवार रात से संपर्क नहीं किया जा सका है। एक अधिकारी ने पुष्टि की कि खैबर-पख्तूनख्वा के सीएम का ठिकाना अज्ञात है और उनका परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है। उन्होंने उनके लापता होने के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया। इस बीच, राज्यपाल ने कहा कि सीएम गंदापुर शनिवार से ही छिप गए थे। उन्होंने कहा, अली अमीन विकेट के दोनों तरफ खेल रहे हैं, उन्होंने कहा कि गंदापुर के छिपने के मामले पर खैबर-पख्तूनख्वा विधानसभा का आपातकालीन सत्र बुलाया गया था।