Israel: ये वारदात पिछले हफ्ते हमास की तरफ से किए गए गोलीबारी हमले के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसमें इस्राइल के वाणिज्यिक केंद्र तेल अवीव में सात लोग मारे गए थे।
7 अक्टूबर को हमास हमले की पहली वर्षगांठ से एक दिन पहले रविवार को दक्षिणी इस्राइल के बीर शेवा में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि इस हमले में 10 अन्य घायल हो गए हैं। आपातकालीन कर्मी मैगन डेविड एडोम ने बताया कि एक 25 वर्षीय महिला को मृत घोषित कर दिया है और 10 घायलों का इलाज किया जा रहा है।
विज्ञापन
पुलिस ने हमलावर को मौके पर किया ढेर
पुलिस ने कहा कि घटना को संदिग्ध आतंकवादी हमला माना जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, कुछ समय पहले पुलिस मुख्यालय को बीर शेवा में केंद्रीय स्टेशन पर संदिग्ध गोलीबारी की घटना के बारे में सूचना मिली थी। इस हमले में घटनास्थल पर कई लोग घायल हैं। हालांकि आतंकवादी को घटनास्थल पर ही मार गिराया गया और दक्षिणी जिले के कई पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद हैं।
तेल अवीव में कुछ दिन पहले हुआ था हमला
ये वारदात पिछले हफ्ते हमास की तरफ से किए गए गोलीबारी हमले के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसमें इस्राइल की राजधानी तेल अवीव में सात लोग मारे गए थे। तेल अवीव हमला - 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद से देश में सबसे घातक में से एक - तब हुआ जब ईरान ने इस्राइल पर लगभग 200 मिसाइलें दागीं थी।
विज्ञापन
एक साल से कई मोर्चे पर युद्ध लड़ रहा इस्राइल
इस्राइल और हमास के बीच 7 अक्टूबर 2023 को इस्राइल पर हुए हमले के बाद से गाजा में युद्ध चल रहा है, जिसमें अब तक 1,205 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकांश नागरिक थे। वहीं हमास की तरफ से संचालित क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस्राइल के जवाबी सैन्य अभियान में गाजा में कम से कम 41,870 लोग मारे गए हैं, जिनमें से अधिकांश नागरिक थे। इस पर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ये आंकड़े विश्वसनीय हैं।