फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेक्सिको : विदेश मंत्री जयशंकर ने राष्ट्रपति मैनुअल से व्यावहारिक मदद बढ़ाने पर की चर्चा, पढ़ें दुनिया की अन्य महत्वपूर्ण खबरें

Wed, 29 Sep 2021 02:14 AM IST
Kuldeep Singh एजेंसी, मेक्सिको सिटी

सार

भारत और मेक्सिको के दोनों नेताओं ने फार्मास्युटिकल्स, सूचना संचार प्रौद्योगिकी और ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की। जयशंकर ने राष्ट्रपति ओब्रेडोर को उनका स्वागत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने पर धन्यवाद दिया। जयशंकर ने बैठक के बाद ट्वीट किया, हम दोनों के बीच सुशासन और प्रथाओं पर खुली वार्ता हुई।
 
विज्ञापन
भारत और मैक्सिको के बीच बैठक - फोटो : twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मेक्सिको के राष्ट्रपति मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर के साथ सुशासन की प्राथमिकताओं पर खुली बातचीत की। दोनों नेताओं ने फार्मास्युटिकल्स, सूचना संचार प्रौद्योगिकी और ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की। जयशंकर मेक्सिको के तीन दिनी दौरे पर हैं और विदेश मंत्री के रूप में उत्तर अमेरिकी देश की उनकी यह पहली यात्रा है।

विज्ञापन


दोनों नेताओं ने सुशासन प्राथमिकताओं, फार्मास्युटिकल और ऊर्जा पर की खुली बातचीत
जयशंकर ने राष्ट्रपति ओब्रेडोर को उनका स्वागत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने पर धन्यवाद दिया। जयशंकर ने बैठक के बाद ट्वीट किया, हम दोनों के बीच सुशासन और प्रथाओं पर खुली वार्ता हुई।

अनुभवों और सर्वोत्तम प्रधाओं के आदान-प्रदान की दोनों देशों के बीच बहुत गुंजाइश है। इससे पहले जयशंकर ने मेक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड के साथ व्यापक चर्चा में व्यापार, निवेश और अंतरिक्ष समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।
विज्ञापन


इस दौरान एब्रॉड के साथ उन्होंने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और कांसुलर मुद्दों की समीक्षा भी की। 41 वर्षों में पहली बार मेक्सिको दौरा करने वाले देश के पहले विदेश मंत्री ने ट्वीट किया कि एक बहुध्रुवीय दुनिया के लिए प्रतिबद्ध स्वतंत्र शक्तियों के रूप में भारत और मेक्सिको को विश्व मंचों पर ज्यादा निकटता से सहयोग करना चाहिए।

कई कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
जयशंकर ने मेक्सिको सिटी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मेक्सिको की आजादी की वर्षगांठ पर उन्होंने एक समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने सर्बिया की प्रथम महिला तमारा वूसिक और विदेश मंत्री निकोला सेलाकोविक से मुलाकात भी की। जयशंकर ने कहा, उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि वूसिक योग के लिए उत्साहित रहती हैं। आइए जानते हैं दुनिया की अन्य महत्वपूरण खबरें...

चीन और नाटो प्रमुख में अफगानिस्तान की स्थिति पर चर्चा

चीन और नाटो के अधिकारियों ने अफगानिस्तान की स्थिति पर चर्चा की है। चीन के शीर्ष राजनयिक ने क्षेत्रीय नीतियों को लेकर बीजिंग और अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच लंबे समय से चली आ रही असहमति के बीच अफगानिस्तान की स्थिति पर चर्चा करने के लिए नाटो प्रमुख के साथ वर्चुअल बैठक की।

चीनी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इस बारे में हुई चर्चा सकारात्मक रही है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी और नाटो महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने साझा चिंता के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए यह जानकारी दी। हालांकि, चीनी अधिकारियों ने इस वार्ता के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।

बता दें कि बीजिंग ने लंबे समय से अफगानिस्तान में अमेरिकी और नाटो बलों की उपस्थिति का विरोध किया है। बीजिंग के अधिकारी ने बताया कि चीन और नाटो के बीच आतंकवाद, समुद्री डकैती, साइबर सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापना समेत कई मुद्दों पर व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए सहमति बनी है।

गायक आर. केली देह व्यापार तस्करी मामले में दोषी

प्रसिद्ध पाश्चात्य गायक आर. केली को देह व्यापार तस्करी के मामले में दोषी करार दिया गया। केली पर कई वर्षों से महिलाओं और बच्चों के साथ दुराचार के आरोपों लगते रहे हैं। वे संगीत की शैली ‘रिद्म एंड ब्लूज’ या ‘आर एंड बी’ के गायक हैं। ब्रुकलिन की संघीय अदालत की सात पुरुष और पांच महिलाओं की ज्यूरी ने केली (54) को गिरोह में लिप्त होने समेत नौ आरोपों में दोषी पाया।

अदालत में सुनवाई के दौरान केली अदालत में मुंह पर मास्क लगाकर पूरे समय खामोश खड़े रहे। अभियोजकों ने आरोप लगाया कि प्रबंधकों और सहयोगियों के एक दल ने केली को लड़कियों से मिलने में मदद की और मामला सामने ना आए इसलिए उन लड़कियों को चुप रहने को मजबूर किया। केली और दो अन्य लोगों पर शिकागो में लंबित एक अलग संघीय मामले में भी आरोप तय किए गए हैं। उन्हें कानून तोड़ने और अन्य आपराधिक मामलों में भी दोषी ठहराया गया। केली को 20 साल तक की कैद हो सकती है। सजा का ऐलान चार मई को किया जाएगा। केली के वकील डेवरॉक्स कैनिक ने कहा कि वह फैसले से निराश हैं।
विज्ञापन

ब्रिटेन के विपक्षी दल ने ‘ऑकस’ समझौते को ‘खतरनाक’ बताया

ब्रिटेन के विपक्षी दल लेबर पार्टी के सदस्यों ने ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका के बीच हुए नए ऑकस सैन्य समझौते को विश्व शांति के लिए एक खतरनाक कदम बताते हुए एक आपात प्रस्ताव पारित किया है। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने इस माह की शुरूआत में समझौते का समर्थन किया था, लेकिन अब इस प्रस्ताव को 30 फीसदी के मुकाबले 70 फीसदी मतों से पारित किया गया। 

लेबर पार्टी सम्मेलन में 30 के मुकाबले 70 फीसदी मतों से आपात प्रस्ताव पारित
लेबर पार्टी का वार्षिक सम्मेलन तटीय शहर ब्राइटन में हो रहा है, जहां सदस्यों ने सोमवार को आपात प्रस्ताव को आगे बढ़ाया था। इस प्रस्ताव में कंजरवेटिव पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर भी निशाना साधा गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, सम्मेलन में शामिल सदस्यों का मानना है कि यह समझौता प्रधानमंत्री जॉनसन के इस बयान के विपरीत है कि ‘यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा देगा’। यह वास्तव में एक खतरनाक कदम है जो विश्व शांति को प्रभावित करेगा। बता दें कि तीनों देशों के इस गठबंधन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को कम करने की रणनीति शामिल है। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया की मदद के लिए परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बियां मुहैया करने की भी रणनीति है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें