मेटावर्स से जन्मेगा नया साइबर अपराध, इंटरपोल ने कहा- आभासी दुनिया मौजूदा अपराध की तीव्रता को कई गुना बढ़ा देगी
अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी इंटरपोल ने कहा, मेटावर्स साइबर अपराध की दुनिया में नई तरह के अपराध को जन्म देगा। एजेंसी ने इससेे मौजूदा अपराध की तीव्रता बढ़ने की आशंका जताते हुए संभावित खतरों से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। इंटरपोल के कार्यकारी निदेशक मदन ओबरॉय ने कहा, इंटरपोल के सदस्य देशों ने मेटावर्स अपराधों पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा, कुछ मौजूदा अपराध इस माध्यम के जरिये बड़े पैमाने पर घटित हो सकते हैं।
ओबेरॉय ने कहा, इसमें फिशिंग और घोटाले अलग तरह से काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाल सुरक्षा भी चिंता का विषय हैं। ओबेरॉय ने कहा कि आभासी दुनिया असली दुनिया में अपराध करनेे में सहायक हो सकती है। केंद्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसी यूरोपोल ने कहा था कि आतंकी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। कोई आतंकी संगठन हमला करना चाहता है तो वह पहले आभासी दुनिया में हमले की योजना तैयार कर सकता है।