चतुर्थ लीग स्कूलों में नामांकन के दौरान भेदभाव का मुद्दा उठाने वाली भारतवंशी महिला मंगा अनंतातमुला ने एलान किया है कि वे प्रतिनिधि सभा की ओर से चुनाव लड़ेंगी। आंध्रप्रदेश में जन्मी और आगरा विवि से स्नातक करने वाली मंगा अमेरिका में रहने वाले हिंदुओं के लिए शोर नहीं आवाज बनना चाहती हैं। इसके साथ ही वह वर्जीनिया से पहली भारतीय मूल की नागरिक हैं जो निचले सदन की प्रत्याशी हैं।
मंगा अनंतातमुला ने अपनी स्कूली पढ़ाई चेन्नई में की है। 26 जनवरी को अपना नामांकन भरने वाली मंगा रिपब्लिकन पार्टी की समर्थक हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सियासी हालात और राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों के कारण इस बार बड़ी संख्या में डेमोक्रेटिक पार्टी समर्थकों का झुकाव भी रिपब्लिकन पार्टी की ओर है।
चुनाव अभियान के लिए उन्होंने अपने नाम का जिक्र मेकिंग अमेरिका ग्रेट अगेन के तौर पर किया है। उन्होंने कहा कि वे खुद को नई पीढ़ी की भारतीय अमेरिकी और हिंदू अमेरिकी नेता मानती हैं। साथ ही उन्होंने भारतवंशी सांसद प्रमिला जयपाल द्वारा कश्मीर पर प्रस्ताव पेश करने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जयपाल का यह कदम सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे भारत-अमेरिकी रिश्तों की रणनीतिक मजबूती के लिए लगातार काम करेंगी।
कश्मीर, सीएए और राम मंदिर की समर्थक
अपने ताजा ट्वीट में भारत से लगाव रखने वाली मंगा अनंतातमुला ने जम्मू-कश्मीर पर भारत के रुख, नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का समर्थन किया। उन्होंने अपने अभियान में टैक्स की कमजोरियों, महिलाओं के लिए बराबरी के अधिकार, हैल्थकेयर और छोटे व मध्यम कारोबारों को मुद्दा बनाया है।