फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

मलाला ने पीएम मोदी और इमरान खान से कहा- हाथ मिलाओ, संघर्ष खत्म करो

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Shilpa Thakur Updated Sat, 02 Mar 2019 03:42 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मलाला यूसुफजई

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आत्मघाती हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। अब पाकिस्तानी एक्टिविस्ट और नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने दोनों देशों के प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि वर्तमान संघर्ष को खत्म करने के लिए हाथ मिलाओ और सच्चा नेतृत्व दिखाओ।   



मलाला ने ट्वीट करते हुए कहा है,"प्रतिशोध और बदला कभी सही प्रतिक्रिया नहीं होता और दुनिया एक और युद्ध नहीं चाहती। एक नोबेल पुरस्कार विजेता, संयुक्त राष्ट्र की मैसेंजर ऑफ पीस, पाकिस्तान की नागरिक और छात्रा होने के नाते भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने से चिंतित हूं।" 


उन्होंने आगे लिखा, "दोनों ओर रहने वाले लोगों के लिए चिंतित हूं। युद्ध की भयावहता से हर कोई अवगत होगा कि प्रतिशोध और बदला लेना कभी सही प्रतिक्रिया नहीं होती। एक बार शुरू हो जाए तो ये शायद ही समाप्त होता है। मौजूदा समय में युद्ध के कारण आज लाखों लोग पड़ित हैं- हमें एक और नहीं चाहिए।"

 




मलाला ने लिखा, "मैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहती हूं कि इस कठिन समय में सच्चा नेतृत्व दिखाएं। बैठ जाएं, हाथ मिलाएं और वर्तमान संघर्ष को समाप्त करें और लंबे समय से जारी कश्मीर के मुद्दे पर बातचीत करें। मैंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत को समर्थन दें और जान और घरों के नुकसान को रोकने में मदद करें।"


पाकिस्तानी एक्टिविस्ट ने कहा, "दोनों देशों के नागरिक ये जानते हैं कि असली दुश्मन आतंकवाद, गरीबी, अशिक्षा, स्वास्थ्य समस्या है न कि आपस में वो दोनों।"


दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव अब भी जारी है। पुलवामा हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली है। इस आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।


इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर स्थित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए। जिसमें जैश के ठिकाने भी शामिल थे। इसके अगले ही दिन पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान ने अपने मिग-21 लड़ाकू विमान से गिरा दिया। लेकिन इसके बाद उनका भी विमान क्रैश हो गया। 
विज्ञापन


खुद को बचाने के लिए वह पैराशूट की सहायात से नीचे आए लेकिन वो भारत नहीं बल्कि पाक अधिकृत कश्मीर में आ गए। जहां से पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया। जिसके करीब 60 घंटे बाद अभिनंदन को रिहा किया गया। इस 60 घंटे के दौरान पाकिस्तान ने भारत को लेकर कई फेक न्यूज भी चलाए और सीमा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन भी किया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next