अमेरिका में 2022 के मध्यावधि चुनाव से पहले एक पोल में सामने आया है कि 58 फीसदी नागरिक मानते हैं कि राष्ट्रपति जो बाइडन देश के सबसे अहम मुद्दों पर जरूरत के अनुसार ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह जानकारी सीएनएन के एक पोल में सामने आई है, जो बताता है कि बाइडन की लोकप्रियता में खासी गिरावट आई है।
पोल में हिस्सा लेने वाले लगभग 36 फीसदी लोगों ने कहा कि देश में इस समय सबसे बड़ी समस्या अर्थव्यवस्था की है। इनमें से 72 फीसदी लोगों का मानना है कि बाइडन ने इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया है। वहीं, कोरोना वायरस महामारी को सबसे अहम मुद्दा बताने वाले 20 फीसदी लोगों में से 79 फीसदी का मानना है कि बाइडन की प्राथमिकताएं सही हैं।
कुल मिलाकर 48 फीसदी लोगों का कहना है कि बाइडन अपना काम सही तरीके से कर रहे हैं वहीं 52 फीसदी लोगों ने यह मानने से इनकार किया है। 36 फीसदी लोगों ने बाइडन के नेतृत्व के तरीके का कड़ाई से विरोध किया है। यह पोल एक से चार नवंबर के बीच हुआ था।
वहीं, डेमोक्रेट और इस विचारधारा की ओर झुकाव रखने वाले निर्दलीय लोगों में से 42 फीसदी ने कहा कि बाइडन सही प्राथमिकताओं का चयन नहीं करते हैं। इनमें से अधिकांश लोगों ने अर्थव्यवस्था को सबसे अहम मुद्दा बताया तो 17 फीसदी लोगों ने कोरोना महामारी को देश के सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौती बताया है।